
बुलडोजर (सांकेतिक) JCB (Demo)
– फोटो : संवाद
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में नगर निगम का बुलडोजर शनिवार दोपहर खेरिया मोड़ और अर्जुन नगर पास सोना नगर में नालियों पर बनाए गए रैंप तोड़ने के लिए पहुंचा। बुलडोजर ने जैसे ही रैंप तोड़ने शुरू किए, लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। हंगामा और धक्कामुक्की हुई। लोगों ने कहा कि पहले सांसदों, विधायकों और मेयर के घर के रैंप तोड़कर दिखाएं। भारी विरोध के बीच बुलडोजर ने 52 रैंप तोड़े और जुर्माना भी वसूला।
रैंप तोड़ रहे बुलडोजर के सामने महिलाएं और बच्चे खड़े हो गए। इस पर बुलडोजर को रोक देना पड़ा। अर्जुन नगर के लोगों ने कहा कि सांसदों, विधायकों और मेयर की कोठी के आगे बड़े बड़े रैंप बने हैं, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। विनोद कुशवाह, रामनाथ सिंह और अमर सिंह ने कहा कि पहले जनप्रतिनिधियों के रैंप तोड़कर नजीर पेश करें।
लोगों ने नगर निगम और मेयर के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, लोग इस बात पर आक्रोशित थे कि नालियों पर घर से निकलने के लिए रैंप तोड़ दिए गए। घर से बाहन निकलना भी इससे मुश्किल हो गया। नगर निगम के अधिकारियों का तर्क था कि पक्के आरसीसी रैंप की जगह लोहे से बने ढक्कन लगवाएं ताकि नालियों की सफाई हो सके।
31,500 का जुर्माना वसूला
नगर निगम के प्रवर्तन प्रभारी ने खेरिया मोड़ पर सड़क पर खड़े 25 ठेल हटवाए। दुकानों से 500 ग्राम प्लास्टिक गिलास जब्त किए। प्लास्टिक रखने पर दुकानदारों पर 5 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। अतिक्रमण करने पर 26,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। कुल 31,500 रुपये का जुर्माना वसूला। प्रवर्तन दल ने रात में फुटपाथ पर सोने वाले 20 लोगों को लोहामंडी शेल्टर होम पर पहुंचाया।
