Pindra Mahotsav: When Nirahua sang 'Bulldozer Baba Chap Rahe then Ravi Kishan said Bada Neek Lagela, people

पिंडरा महोत्सव
– फोटो : संवाद

विस्तार


भोजपुरी अभिनेता व गायक रवि किशन और दिनेश लाल निरहुआ जैसे दिग्गज कलाकारों ने पिंडरा महोत्सव के दूसरे दिन की शाम सजाई। उनकी मौजूदगी में सुर ताल का ऐसा माहौल बना कि उन्हें सुनने के लिए नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान में भीड़ उमड़ पड़ी। दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जैसे ही ए राजा हमके बनारस घुमायदा… गीत शुरू किया, दर्शक भी उनके साथ सुर मिलाकर झूमने लगे।

निरहुआ जब मंच पर पहुंचे तो युवाओं का जोश दोगुना हो गया। उन्होंने ”बुलडोजर बाबा चाप रहे हैं, माफिया हांफ रहे हैं…” और का करबु तेल गमकउवा… जैसे गीत सुनाए। वहीं, भोजपुरी अभिनेता व गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने बम बम बोल रही है काशी… और बड़ा नीक लागेला… जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। गोपाल राय ने पारंपरिक गीत गा हमार गऊवा के टेढ़की डगरिया मढ़िया पर काग बोलेला… सुनाया। इनके अलावा अंशिका सिंह, अनुभा, सुमन अग्रहरि, सतीश पांडेय, अरविंद सिंह की भी प्रस्तुतियां हुईं। अंजलि उर्वशी ने लोकनृत्य पेश किया। वहीं, फौजदार सिंह ने आल्हा गीत की शानदार प्रस्तुति दी। 

देश के विकास को गति दे रही भारत संकल्प यात्रा

महोत्सव में शिरकत करने आए केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिये समाज को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम हुआ है। जनता को विकास में सहभागी बनाकर ही देश का विकास हो सकता है। देश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीसरी पारी में भी जनता का सहयोग चाहिए।

सांसद रवि किशन ने कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास होने से महिलाओं को बराबरी का हिस्सा मिला है। इसके लिए माताओं, बहनों और बेटियों को पीएम को धन्यवाद देना चाहिए। दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि पीएम मोदी व सीएम योगी के नेतृत्व में समाज के सर्व विकास की अवधारणा पूरी हो रही है। इस मौके पर ठंड से बचाव के लिए कंबल का वितरण किया गया। स्वागत सांसद बीपी सरोज, संचालन आशुतोष पांडेय व धन्यवाद ज्ञापन विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने किया। इस दौरान महापौर अशोक तिवारी, डीएम एस राजलिंगम, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, डॉ़ दिनेश पांडेय, प्रभुनाथ दाढ़ी, बबलू मिश्रा, प्रभात सिंह मिंटू आदि मौजूद रहे।

अटल जयंती मैराथन में शुभम व अंजू ने बाजी मारी

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती पर सोमवार को पिंडरा महोत्सव के तहत सुबह मैराथन दौड़ का आयोजन किया। मैराथन को विधायक डॉ अवधेश सिंह ने हरी झंडी दिखाई। मैराथन दौड़ रमईपुर स्थित सूर्य नारायण इंटर कॉलेज से शुरू होकर महोत्सव स्थल पहुंचकर समाप्त हुआ। तीन किमी लंबे दौड़ में बालक वर्ग में शुभम विश्वकर्मा व बालिका वर्ग में अंजू पासवान ने प्रथम स्थाल हासिल किया। इन विजेताओं को सांसद रविकिशन, सांसद दिनेश लाल व सांसद वीपी सरोज ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। मैराथन दौड़ में आधा दर्जन इंटरमीडिएट के सैकड़ो छात्र छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर एसडीएम प्रतिभा मिश्र, दीपकंर आर्य, छोटेलाल तिवारी, देवीप्रसाद दुबे, अशोक चौबे, रजनीकांत सिंह, पवन सिंह, अभिषेक राजपूत आदि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *