
पीएम ने की प्रमोद कृष्णम की तारीफ
– फोटो : अमर उजाला
श्री कल्कि धाम का शिलान्यास करने आए पीएम मोदी आचार्य प्रमोद कृष्णम का कद बढ़ा गए। उन्होंने प्रमोद कृष्णम के इस संकल्प की सराहना की। उनके साथ पीएम ने शिला पूजन करने के साथ-साथ परिक्रमा भी की और मंच से अपने संबोधन में दस बार नाम लिया।
पीएम ने कहा कि मैं प्रमोद कृष्णम जी को एक राजनीतिक व्यक्ति के रूप में जानता था लेकिन जब वो मुझसे मिले तो पता चला कि वह धार्मिक और आध्यात्मिक व्यक्ति हैं। कल्कि मंदिर के लिए इन्हें पिछली सरकारों से लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी। कोर्ट के चक्कर भी लगाने पड़े।
उनसे कहा जाता था कि मंदिर बनने से शांति व्यवस्था बिगड़ जाएगी। आज हमारी सरकार में प्रमोद कृष्णम जी निश्चिंत होकर इस काम को शुरू कर पाए हैं। पीएम ने कहा कि पिछले दिनों जब प्रमोद कृष्णम जी मुझे निमंत्रण देने के लिए आए थे।
तब जो बातें उन्होंने बताईं उसके आधार पर मैं कह रहा हूं कि आज जितना आनंद उनको हो रहा है, उससे कई गुना आनंद उनकी पूज्य माताजी की आत्मा जहां भी होगी, उनको हो रहा होगा। मां के वचन के पालन के लिए एक बेटा कैसे जीवन खपा सकता है, ये प्रमोद जी ने दिखा दिया है।
