आगरा। पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) और कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की आपूर्ति सोमवार दोपहर 2 बजे से मंगलवार शाम 4 बजे तक 26 घंटे के लिए आधे से ज्यादा शहर में बंद रहेगी। इस बंदी की वजह से शहर के करीब 50 हजार परिवार प्रभावित होंगे। परेशानी से बचने के लिए रविवार से ही एलपीजी सिलिंडर के लिए मारामारी शुरू हो गई। वहीं, छह सीएनजी फिलिंग स्टेशन भी बंद रहेंगे, जिसके चलते हजारों वाहन चालकाें को सीएनजी के लिए भी जूझना पड़ सकता है।

सोमवार दोपहर 2 बजे से 26 घंटे तक पीएनजी संकट से जहां 50 हजार परिवार प्रभावित होंगे, वहीं करीब 30 हजार सीएनजी वाहनों को सीएनजी नहीं मिलेगी। सिकंदरा स्थित साइट-सी में नगर निगम द्वारा नाला का निर्माण किया जा रहा है। इस वजह से पीएनजी व सीएनजी की गैस लाइन शिफ्ट होंगी। इसके लिए गैस आपूर्ति करने वाली कंपनी ग्रीन गैस लिमिटेड (गेल) ने 26 घंटे की गैस बंदी घोषित की है।

पीएनजी व सीएनजी संकट के मद्देनजर रविवार को दिनभर लोग एलपीजी गैस सिलिंडर के लिए भटकते रहे। बुकिंग भी बढ़ गई हैं। उधर, ट्रांसपोर्ट नगर व जीवनी मंडी में सीएनजी भराने के लिए दिनभर वाहनों की कतार लगी रही।

शहर में 75 हजार से अधिक घरेलू पीएनजी व व्यावसायिक उपभोक्ता हैं। करीब 50 हजार से अधिक सीएनजी वाहन संचालित हैं। 26 घंटे की गैस बंदी से घरेलू उपभोक्ता प्रभावित होंगे। दूसरी तरफ सीएनजी गैस नहीं मिलने के कारण वाहन सड़कों पर नहीं दौड़ सकेंगे।

गेल के सहायक प्रबंधक विपणन सूर्य प्रकाश गुप्ता के मुताबिक सीएनजी आपूर्ति के लिए शहर में ट्रांसपोर्ट नगर, ताजनगरी और कालिंदी विहार तीन मदर स्टेशन हैं। सिकंदरा एवं जीवनी मंडी में 10 ऑनलाइन स्टेशन और लोहामंडी और ईदगाह में 11 डॉटर स्टेशन हैं। गैस लाइन की मरम्मत व शिफ्टिंग के कारण ट्रांसपोर्ट नगर में दो सीएनजी स्टेशन और सिकंदरा, लोहामंडी व बिचपुरी में चार ऑनलाइन सीएनजी स्टेशन बंद रहेंगे।

कमला नगर, दयालबाग, सिकंदरा, शाहगंज, आवास विकास कॉलोनी और शास्त्रीपुरम, पश्चिमपुरी, बिचपुरी व पथौली और इनके आसपास क्षेत्रों में घरेलू व व्यावसायिक उपभोक्ताओं की पीएनजी आपूर्ति बंद रहेगी।

परेशान न हों उपभोक्ता

पीएनजी आपूर्ति प्रभावित होने के कारण एलपीजी गैस सिलिंडर के लिए बुकिंग बढ़ गई है। प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर की आपूर्ति होगी। सिलिंडर के लिए मारामारी है, लेकिन उपभोक्ता परेशान न हों। उन्हें बुकिंग के 24 घंटे में सिलिंडर उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा। – विपुल पुरोहित, अध्यक्ष, इंडेन वितरक संघ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें