अमांपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते दिनों हुई दो चोरियों का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी का सामान बरामद किया है।
सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि पीएनसी वाटर कंपनी के लाइजनिंग ऑफिसर विजेंद्र शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत वाछमई सिढ़पुरा रोड़ स्थित आईटीआई कॉलेज के पास चल रहे पानी की टंकी के निर्माण कार्य स्थल से चोरों ने सोलर प्लेट, दो बैटरी व एक इनवर्टर चोरी कर लिया है। वहीं दूसरी घटना में 12 नवंबर को ओमप्रकाश निवासी अमांपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अमांपुर कस्बा में विकौरा रोड़ स्थित उसके गल्ले की दुकान से अज्ञात चोरों द्वारा गेहूं, बाजरा, धान, सरसों की बोरी एवं दुकान में रखा कांटा, सोलर प्लेट, इन्वर्टर, बैटरी तथा बिक्री के रखे 15000 रुपये चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने अमांपुर-शाहपुर रोड से तीन चोरों को गिरफ्तार किया। इन्होंने अपने नाम पता गोपीचंद उर्फ गोपी, खुशीराम और विनोद उर्फ बेला निवासीगण गांव शाहपुर अमांपुर बताया। सीओ ने बताया कि इन तीनों चोरों ने उक्त दोनों चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। इनके पास से चोरी की चार सोलर प्लेट, इनवर्टर, कनवर्टर, चार बोरी गेहूं, एक तमंचा, दो कारतूस और घटना में प्रयुक्त टेंपो बरामद किए हैं।
