Police Recruitment Exam: Question papers, OMR sheets will be opened under the surveillance of CCTV cameras.

कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते जिलाधिकारी। संवाद
– फोटो : कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते जिलाधिकारी। संवाद

मैनपुरी। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी के संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक ली। परीक्षा के नोडल अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों के साथ आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा की पूरी कमान केंद्र व्यवस्थापक अपने हाथ रखें।

Trending Videos

डीएम ने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं त्रुटिरहित संपन्न करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इस परीक्षा की सुचिता पर किसी भी प्रकार की आंच न आए। इसलिए सभी केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा कि प्रत्येक प्रक्रिया का सघन पर्यवेक्षण करें। परीक्षा केंद्र की प्रत्येक गतिविधि के साथ कक्ष निरीक्षकों, ड्यूटी पर तैनात अन्य स्टाफ पर भी पैनी नजर रखें। प्रश्न पत्र, ओएमआर शीट के खुलने से लेकर परीक्षा समाप्त होने पर सीलिंग प्रक्रिया सीसीटीवी की जद में रहे। पूरी परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे निर्बाध रूप से चालू रहें। प्रत्येक परीक्षार्थी की आईडी गहनता से चेक की जाए। किसी भी स्तर पर गलती न हो यदि किसी के द्वारा जान-बूझकर या भूलवश परीक्षा की सुचिता को भंग करने की चेष्टा की तो उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई होगी।

बैठक में पुलिस भर्ती बोर्ड से जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात रमाकांत प्रसाद, पुलिस अधीक्षक भर्ती बोर्ड से प्रेमचंद्र, उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।

परीक्षा केंद्र पर सभी तैयारियां एक सप्ताह में पूरी करें

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को आयोजित होने वाली परीक्षा को बिना किसी विघ्न के शांतिपूर्ण माहौल मेें संपन्न कराएं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया हों। अभ्यर्थियों के लिए पीने के पानी, शौचालयों में साफ-सफाई, कक्षों में समुचित प्रकाश व्यवस्था, पंखों, सीसीटीवी की क्रियाशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी केंद्र व्यवस्थापक एक सप्ताह में सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण करें। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि 15 अगस्त तक अपने-अपने केंद्रों पर आवंटित कक्षों के अनुसार कक्ष निरीक्षकों, अन्य स्टॉफ की तैनाती कर सूची तैयार करें।

13 परीक्षा केंद्र बनाए गए

परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम रामजी मिश्र ने बताया कि जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को दो पालियों में पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक, एवं द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक आयोजित होगी। प्रतिदिन परीक्षा की दोनों पालियों में 3912 अभ्यर्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। एएसपी राहुल मिठास ने बताया कि परीक्षा चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, दयानन्द इंटर कॉलेज, डॉ. बीआर आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, चित्रगुप्त महाविद्यालय, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलीटेक्निक, रामचंद्र सिंह लाल सिंह कन्या इंटर कॉलेज, आरसी महिला महाविद्यालय ब्लॉक ए और बी, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, श्री एकरसानन्द इंटर कॉलेज, श्री गंगा सहाय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *