– दो छात्र बिहार के निवासी और तीसरा हमीरपुर का रहने वाला
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन रविवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में दो छात्रों को नकल करते पकड़ा गया। वहीं, वीरांगना झलकारी बाई महिला पॉलिटेक्निक में एक छात्र से ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुई। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें दो बिहार के निवासी हैं। जबकि तीसरा उत्तर प्रदेश के हमीरपुर का रहने वाला है।
तीसरे दिन भी परीक्षा छोड़ने वालों की संख्या अधिक रही। आज 43.46 प्रतिशत छात्र ही परीक्षा में शामिल हुए। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में पहली पाली की परीक्षा के दौरान बिहार के भोजपुर के बिहिया गांव निवासी रोहित कुमार एवं रोहतास के बिसेनी कला निवासी अखलाक अंसारी अपनी उत्तर पुस्तिका बदलते हुए पकड़े गए। पूछताछ में बताया कि आपस में प्रश्नपत्र हल करने में एक दूसरे की मदद कर रहे थे। दोनों छात्रों को नवाबाद थाने लाया गया। यहां उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उनको हिरासत में ले लिया गया।
वहीं, सीपरी बाजार स्थित वीरांगना झलकारी बाई महिला पॉलिटेक्निक में दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान हमीरपुर के कुरारा निवासी एक छात्र विवेक कुमार भूल से अंदर ब्लूटूथ डिवाइस लेकर पहुंच गया। करीब आधे घंटे बाद उसे इसका अहसास हुआ तब उसने कक्ष निरीक्षक को यह बात बताई। केंद्र के अंदर ब्लूटूथ डिवाइस होने की खबर से अफसरों में हड़कंप मच गया। पुलिस अफसर भी वहां पहुंच गए। छात्र से पूछताछ की गई। उसने बताया कि भूलवश वह डिवाइस लेकर केंद्र के अंदर तक जा पहुंचा। परीक्षा के बाद उसे थाने लाया गया। यहां भी उससे पूछताछ हुई। उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके पहले दो पालियों में परीक्षा कराई गई। आज भी 22,848 परीक्षार्थियों को इसमें शामिल होना था लेकिन, 9930 छात्र ही इसमें शामिल हुए जबकि 12,918 छात्र अनुपस्थित रहे। सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेट समेत अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। एसपी (सिटी) ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक तीनों छात्रों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
