
सरस्वती इंटर कॉलेज के गेट पर महिला अभ्यर्थियों की होती चैकिंग
– फोटो : संवाद
विस्तार
हाथरस में दो दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा की शुरुआत 17 फरवरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में यह परीक्षा हुई। इसमें 18217 परीक्षार्थियों को भाग लेना था। इसमें 17666 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 551 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। डीएम अर्चना वर्मा, एसपी निपुण अग्रवाल व अन्य अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
18 फरवरी को जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित होने ही है। परीक्षा के लिए शहर के डीआरबी इंटर कॉलेज, सीएलआरएन सेकसरिया इंटर कॉलेज, एमएलडीवी पब्लिक स्कूल, सरस्वती महाविद्यालय, आरपीएम डिग्री कॉलेज कोटा रोड, रामबाग इंटर कॉलेज, बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज, माया इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, सीमेक्स इंटरनेशनल स्कूल, श्री नेहरु स्मारक भगवान दास इंटर कॉलेज मेंडू, बलवंत सिंह पब्लिक स्कूल सलेमपुर व आरबीएस पब्लिक स्कूल मुरसान को केंद्र बनाया गया है।

परीक्षा केंद्रों पर लगाए जैमर, मोबाइल बने खिलौना
पुलिस भर्ती परीक्षा के समय मोबाइल फोन से अभ्यर्थी बात नहीं कर पाएंगे। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जैमर लगाए गए। अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक स्कैनिंग कराई गई। इसके अलावा नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों द्वारा लगातार अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
कोचिंग सेंटर व फोटो स्टेट की दुकानें रहीं बंद
यूपी पुलिस भर्ती की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें पूरे दिन बंद रहीं। इसके अलावा शहर के अलीगढ़ रोड, आगरा रोड व अन्य मार्गों पर स्थित कोचिंग सेंटर भी पूरे दिन बंद रहे। जिला प्रशासन द्वारा पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए पहले ही परीक्षा वाले दोनों ही दिन कोचिंग सेंटर व फोटो स्टेट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए थे।
