
सांकेतिक तस्वीर
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आठ जिलों में बन रहे अत्याधुनिक पोस्टमार्टम हाउस के लिए पद स्वीकृत कर दिए गए हैं। हर पोस्टमार्टम हाउस के लिए 14 पद स्वीकृत किए गए हैं। इसमें वार्ड ब्वाय और चौकीदार के सात पद सेवा प्रदाता एंजेसी के जरिए भरे जाएंगे।
प्रदेश में कानपुर नगर, प्रयागराज, फतेहपुर, शाहजहांपुर, मिर्जापुर, हाथरस, जौनपुर और लखनऊ में आधुनिक चीरघर (पोस्टमार्टम हाउस) बन रहे हैं। हर पोस्टमार्टम हाउस के लिए 14-14 पद स्वीकृत किए गए हैं। इसमें एमडी फोरेंसिक, फार्मासिस्ट फोरेंसिक, वार्ड ब्वाय के दो-दो पद हैं। इसी तरह एक्सरे टेक्नीशियन, डाटा इंट्री आपरेटर, वीडियोग्राफर के एक-एक पद और चौकीदार- सफाईकर्मी के पांच पद हैं।
मालूम हो कि सरकार की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में स्थित पोस्टमार्टम हाउस को चरणवद्ध तरीके से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है। इसके तहत नए भवन के निर्माण के साथ ही पदों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। प्रदेश के 61 जिलों के लिए पहले ही पद स्वीकृत किए जा चुके हैं। आठ जिलों के लिए अब स्वीकृति मिली है। छह नए जिलों में भी नया आधुनिक पोस्टमार्टम हाउस बन रहा है। यहां पदों के सृजन के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
