
बदायूं में डॉ. प्रवीण तोगड़िया
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया बदायूं से फर्रुखाबाद जाते समय सोमवार को म्याऊं कस्बे में रुके। यहां संगठन के कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। तोगड़िया ने कहा कि हिंदू आज खतरे में हैं। बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। उन्होंने हर सप्ताह हनुमान चालीसा का पाठ गांव-गांव कर लोगों को जागरूक करने की कार्यकर्ताओं से अपील की।
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में वह भ्रमण कर रहे हैं, ताकि भारत सरकार हिंदुओं की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए। सोमवार को बिल्सी से फर्रुखाबाद जाते समय रास्ते में म्याऊं के पेट्रोल पंप पर रुके। यहां राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए। फूलमाला से उनका स्वागत किया गया।
हिंदुओं की घटती जनसंख्या पर जताई चिंता
इस दौरान डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि हिंदू धर्म , हिंदू राष्ट्र , हिंदू समाज को भगवान ने बनाया है, लेकिन आज हिंदू खतरे में है। दुनिया की आठ सौ करोड़ की आबादी में मात्र सौ करोड़ हिंदू बचे हैं। वो बांग्लादेश में मार खा रहा है। भारत में हिंदुओं की घटती जनसंख्या पर उन्होंने चिंता जताई। तोगड़िया ने कहा कि हम तन मन धन से हिंदुओं के लिए काम करेंगें।
