
अलीगढ़ नुमाइश स्थल का प्रवेश द्वार
– फोटो : संवाद
विस्तार
अलीगढ़ की राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश) का 28 जनवरी को उद्घाटन है। लेकिन तैयारियां आधी-अधूरी हैं। नुमाइश के विभिन्न बाजारों में तैयारियां तो चल रही हैं, लेकिन अभी उन्हें परवान चढ़ने में कुछ वक्त लगने के आसार हैं। रंगाई-पुताई का काम भी बेहद कछुआ गति से चल रहा है। अभी तक प्रशासन की ओर से नुमाइश में होने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। हालांकि, प्रशासन का दावा है कि उद्घाटन से पहले ही सब कुछ दुरुस्त कर लिया जाएगा।

कृषि मंडप में कृषि विभाग की ओर से किसानों के लिए विभिन्न प्रजातियों की फसलों के प्रदर्शन के लिए मैदान में अभी क्यारियां बनाने एवं फसल बुवाई आदि का कार्य शुरू किया गया है। यही हाल उद्योग मंडप का है। यहां अभी तक व्यापारिक गतिविधियों के प्रदर्शन के लिए दुकानों एवं शिविरों का आवंटन न हो पाने से यहां तैयारियां ही शुरू नहीं हो पाई हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बने कृष्णांजलि एवं कोहिनूर मंच को सजाने की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।

कृष्णांजलि सभागार के बराबर दरबार हॉल में एलईडी लाइट की मदद से रामदरबार सजाया जा रहा है। इसे 22 जनवरी से पहले ही सजाने की तैयारी है। नीरज-शहरयार पार्क में भी सजावट का काम धीमा है। शिल्पग्राम, कश्मीरी बाजार, फोटो प्रदर्शनी, हुल्लड़ बाजार समेत विभिन्न बाजारों में अभी दुकानों की रंगाई-पुताई का काम चल रहा है।
प्रदर्शनी में स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान कर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। खेलकूद को बढ़ावा देने वाली प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रमों को उचित मंच दिया जाएगा। इस बार सभी कार्यक्रम स्तरीय होंगे। नुमाइश की तैयारियों एवं आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी तैयारियां उद्घाटन के तय समय से पहले ही पूरी कर ली जाएंगी। – अमित कुमार भट्ट, नुमाइश प्रभारी एवं अपर जिलाधिकारी नगर
