संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नवनिर्मित रोडवेज डिपो भवन के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार को कार्यदायी संस्था व अधिकारियों ने निरीक्षण किया। कमियों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
शहर के समीप रोड़ा में रोडवेज भवन बनकर तैयार है। मुख्य सचिव द्वारा गठित जिला स्तरीय टीम ने भवन की टेक्निकल जांच की थी। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी ने बीते माह शासन को भेज दी थी। मंगलवार को परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रामदास और कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता तनवीर आलम ने निरीक्षण किया। भवन परिसर की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि दो दिन में डिपो में कांच लगा दिए जाएंगे।
दूर होगा यातायात संकट : रोडवेज डिपो के नवनिर्मित भवन की सुपुर्दगी की प्रक्रिया शुरू होने से जल्द रोडवेज बसों के संचालन की आस जाग गई है। बसों के संचालन से यातायात संकट दूर हो जाएगा। लोगों को ग्रामीण क्षेत्र से मुख्यालय तक व झांसी समेत अन्य महानगरों के लिए बसें मिलेंगी। बच्चे भी विद्यालयों में पढ़ाई के लिए आवागमन कर सकेंगे।
रोडवेज डिपो के भवन के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। साफ-सफाई व कांच लगाए जाने हैं, जो जल्द ही पूरे किए जाएंगे।-तनवीर आलम, सहायक अभियंता, पैक्सपेड
