प्लॉट की खरीद-फरोख्त को लेकर हुआ विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवाबाद थाना इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर की बीच सड़क पर एक महिला और कुछ युवकों ने बेल्ट और जूते से जमकर पिटाई कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला और युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है, जो शहर में दिन भर चर्चाओं में बना रहा।
द्वारिका कॉलोनी निवासी राजेंद्र कुमार (राजू बरसैंया) प्रॉपर्टी डीलर है। बुधवार की दोपहर नवाबाद थाना इलाके के शिवाजी नगर में एक होटल के बाहर सड़क पर एक महिला और कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें बेल्ट और जूतों से बुरी तरह से पीटा। बृहस्पतिवार को इस घटना का वीडियो वायरल हो गया। इस दरम्यान राजेंद्र बरसैंया की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। इसमें बताया कि बुधवार की दोपहर उन्हें शिवाजी नगर निवासी श्वेता पाराशर और संजीव तिवारी के बीच के विवाद को निपटाने के लिए बुलाया गया था। जब वे वहां पहुंचे तो श्वेता पाराशर बेवजह उसके साथ गाली-गलौज करने लगी। विरोध करने पर उसने कुछ लोगों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी।
इसी बीच आरोपियों ने उन्हें मौके से कहीं और ले जाने की भी कोशिश की। भागकर किसी तरह जान बचाई। आरोपियों की ओर से पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिवाजी नगर निवासी श्वेता पाराशर, इमरान समेत तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
वहीं, आरोपी महिला ने बताया कि उन्होंने मेडिकल के गेट नंबर चार के सामने 52 लाख रुपये में एक प्लॉट लिया था। जिसमें राजू बरसैया और संजीव तिवारी ने एग्रीमेंट किया था। प्लाॅट खरीदे हुए सात महीने हो गए। अब हम उस पर काम लगवाने गए तो पहले से ही काम चल रहा था। हमने राजू और संजीव को फोन लगाया तो 15 दिन से टाल रहे थे। बुधवार को राजू बरसैया ने बुलाया कि लेखपाल से जांच करवा देते हैं। लेखपाल ने बताया कि नपाई नहीं हो पाएगी, क्योंकि इनका कोई प्लॉट नहीं था और उन्होंने गलत बेच दिया। इस पर मारपीट हो गई।
इस मामले में नवाबाद के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर मारपीट की गई है। राजू बरसैया की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल की जा रही है।
