
सांकेतिक तस्वीर।
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में ग्वालियर हाईवे चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सेवला क्षेत्र में सड़क किनारे स्थित 70 दुकानों को नोटिस जारी किया है। तीन दिन में निर्माण नहीं हटाने पर कानूनी कार्रवाई व ध्वस्तीकरण के लिए चेताया है। जिसे लेकर दुकानदारों में रोष है। पंचायत कर दुकानदारों ने विरोध-प्रदर्शन का एलान किया है।
अवंतीबाई चौराहे से सेवला होते हुए ग्वालियर तक हाईवे का चौड़ीकरण प्रस्तावित है। सेवला में सड़क किनारे 70 दुकानों को पीडब्ल्यूडी ने नोटिस दिए हैं। कहना है कि दुकानें सरकारी भूमि पर बनी हैं। जबकि दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री कराई है। जिसके बाद दुकानों का निर्माण कराया था। वहीं, पीडब्ल्यूडी दुकानदारों के मालिकाना हक को खारिज कर रहा है। जिससे दुकानदारों में रोष है।
भाजपा नेता गोविंद चाहर का कहना है कि पिछले दिनों जिलाधिकारी से इस संबंध में वार्ता की गई थी। उन्हें दुकानदारों ने स्वामित्व के दस्तावेज दिखाए थे। फिर भी पीडब्ल्यूडी 70 दुकानदारों को प्रताड़ित कर रहा है। सोमवार को दुकानदारों ने पंचायत की।
इसमें जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत दर्ज कराने और जबरन कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन का एलान किया है। पंचायत में सुनील बघेल, जय प्रकाश गुप्ता, अल्लो अग्रवाल, गुलाब चंद, संदीप शर्मा, पूर्व पार्षद मुन्ना लाल, नरेंद्र गुप्ता, लक्ष्मी नारायण, बनवारी, नवीन कुशवाह आदि मौजूद रहे।
