यूपी के रायबरेली में शनिवार को प्रेमी के शादी से इन्कार करने पर दलित युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। कहा जा रहा है कि थाने में समझौते के दौरान युवती ने जहरीला पदार्थ खाया था। हालांकि, पुलिस इससे इन्कार कर रही है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
हरचंदपुर क्षेत्र निवासी व्यक्ति के मुताबिक, उनकी 22 वर्षीय बेटी का अचलेश्वर बाजार रहवां निवासी युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक ने उनकी बेटी का शारीरिक शोषण किया। साथ ही शादी करने की बात कही थी। बाद में युवक ने शादी करने से इन्कार कर दिया।
सुलह न होने पर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया
इस वजह से उनकी बेटी ने 11 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर, कहा जा रहा है कि मामला थाने पहुंचा था तो दोनों पक्षों में सुलह कराने का प्रयास चल रहा था। बात नहीं बनने पर युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
बड़ी बहन का कहना है कि युवक और उसके परिवार वालों ने थाने में लिखित पत्र देकर शादी करने की बात कही थी। इसके बावजूद उनकी बहन को थाने से भगा दिया गया।
युवक शादी करने से इन्कार कर रहा था
सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि युवती पुलिस से युवक से शादी कराने की बात कह रही थी। युवक शादी करने से इन्कार कर रहा था। इसी वजह से युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है।
हरचंदपुर थाना प्रभारी हरिकेश सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। प्राथमिकी दर्ज करके मामले में कार्रवाई की जाएगी।
