रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन रायबरेली की खूबसूरती उस समय बढ़ जाएगी, जब यहां पर रेल कोच रेस्टोरेंट शुरू होगा। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक बगल में बनने वाले इस रेस्टोरेंट से यात्रियों के साथ ही आम लोगों को भी लाभ मिल सकेगा। इससे स्टेशन की रौनक बढ़ेगी और हर समय चहल-पहल नजर आएगी।

रेल कोच रेस्टोरेंट बनाने का काम तेज हो गया है। भूमि का समतलीकरण कराने के बाद स्लीपर डाल दिए गए हैं। नए साल में यह रेस्टोरेंट शुरू होगा। लखनऊ-प्रयागराज और लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल मार्ग पर स्थित रायबरेली जंक्शन जिले का प्रमुख स्टेशन है। यहां से रोजाना 30 से 35 यात्री ट्रेनें गुजरती हैं। हर रोज सफर करने वाले यात्रियों की औसत संख्या लगभग 25 हजार है।

प्लेटफार्म पर खानपान के स्टाल लगे हुए हैं, लेकिन इनका लाभ सिर्फ ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को मिल पाता है। अब यात्रियों के साथ ही बाहरी लोगों को भी रेलवे स्टेशन पर खानपान की सुविधा मिलेगी। इसके लिए रेल कोच रेस्टोरेंट बनाया जा रहा है। इसके लिए एक पखवाड़ा पहले भूमि पूजन कराया गया था।

भूमि को समतल करने के बाद रविवार को स्लीपर डाले गए। इन्हीं स्लीपर को लगाने के बाद ट्रैक तैयार करेंगे, जिस पर ट्रेन का कोच खड़ा करके रेस्टोरेंट बनाया जाएगा। रेलवे स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए बने मुख्य द्वार के बगल में रेल कोच रेस्टोरेंट बनेगा, जहां आसपास बैठने की व्यवस्था भी रहेगी।

इसके बनने से स्टेशन की खूबसूरती बढ़ेगी। साथ ही हर समय चहल-पहल होने से रौनक नजर आएगी। वाणिज्य निरीक्षक संदीप कुमार के मुताबिक, दिसंबर तक रेल कोच रेस्टोरेंट बन जाएगा। नए साल में जनवरी से इसकी शुरुआत होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *