अमेठी सिटी। बारिश ने जिले की सड़कों की सूरत बिगाड़ दी है। लोक निर्माण विभाग के सर्वे में सड़कों की हालत बेहद खराब मिली है। जिले की 260 सड़कों पर अलग-अलग स्थानों पर हुए जलभराव से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कुल 409.11 किमी. सड़क टूटी पाई गई है। विभाग ने सड़कों की पैचिंग के लिए शासन को प्रस्ताव भेजकर बजट की मांग की है, जिसके मिलते ही मरम्मत का काम शुरू होगा।
जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से जिले की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। लगातार मिल रही शिकायतों व लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड ने सड़कों का सर्वे कराया। इसमें एक राज्य मार्ग पर 4.20 किमी की दूरी में गड्ढे मिले। वहीं, दो जिलों को जोड़ने वाले तीन मार्गों पर 30.70 किमी दूरी में सड़क क्षतिग्रस्त मिली। इतना ही नहीं अमेठी के 300 मीटर रेलवे स्टेशन मार्ग सहित दुर्गापुर-मुसाफिरखाना मार्ग पर भी अलग-अलग स्थानों पर करीब दो किमी दूरी में गड्ढे मिले।
ग्रामीण अंचल की सड़कों की हालत तो बेहद खराब मिली है। ग्रामीण क्षेत्र की 220 सड़कों पर अलग-अलग स्थानों पर कुल 356.91 किमी में गड्ढे पाए गए हैं। इसके अतिरिक्त मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड (एमडीआर) पर भी अलग-अलग स्थानों पर 17 किमी में गड्ढे मिले हैं। सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने सड़कों को दुरुस्त कराने की कवायद शुरू की है। विभाग मौजूद धनराशि से सड़कों की मरम्मत करा रहा है। साथ ही सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए इस्टीमेट तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने व धनराशि जारी होने के बाद विभाग अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करवाएगा।
जल्द कराई जाएगी मरम्मत
बारिश में ओवरलोड वाहनों की वजह से सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। सड़क टूटने की जानकारी मिलने पर पैच वर्क कराया जाता है। विभाग के निर्माण व प्रांतीय खंड ने सड़कों पर बने गड्ढों की पैचिंग के लिए शासन से धन की मांग की है। जल्द ही सड़कों को गड्ढा मुक्त कराया जाएगा।
-रमेश चंद्र, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग
