Ram Barat 2024 Agra: प्रभु श्रीराम की बरात में जीवंत झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। रावतपाड़ा में लोगों का रेला रहा। रावतपाड़ा चौराहे से जैसे ही श्रीराम के स्वरूप रथ में सवार होकर बरात लेकर आगे बढ़े, श्रीराम के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा। लोग इस पल को अपने मोबाइल में कैद करते दिखे। रथ के आगे से भीड़ को हटाने में आयोजन समिति और पुलिस के पसीने छूट गए। बरात में करीब 140 झांकियां रहीं।

देवी-देवताओं की सजीव झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। महिलाएं, बच्चे, पुरुष, युवक, युवतियां बरात के साथ हो लिए। बरात का जगह-जगह फूलों से स्वागत किया गया। जहां-जहां से बरात निकली, उन इलाकों में जगार रही। छतों पर खड़े होकर भी लोगों ने स्वरूपों को निहारा। बरात में शामिल होने न सिर्फ आगरा, बल्कि राजस्थान की सीमावर्ती जिलों, मैनपुरी, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, मथुरा से भी भारी संख्या में लोग आए थे।

 




Trending Videos

अखाड़ों के कलाकारों ने दिखाए करतब

मेरठ के आर्ट ग्रुप ने शिवजी व उनकी भूत-प्रेत की सेना वाली संजीव झांकी निकाली। पीछे करतब दिखाते अखाड़ा चल रहा था। इसी तरह देशभक्ति की भावना से परिपूर्ण 110 फीट लंबी तिरंगा झांकी, शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की झांकी ने लोगों को रोमांचित किया। वहीं, धारा 370, खुशहाल कश्मीर, पुलवामा के शहीदों को श्रद्धाजलि, जी-20 नरेंद्र मोदी और जो बाइडन, चंद्रमा पर भारत की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही।


चांदी का रथ भी दिखा

बरात में चांदी का रथ भी था, जिसमें माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु के साथ, बिहारी जी की झांकी, उसके बाद महाराजा राजा दशरथ व सुमंत की बग्गी पर सवार झांकी, मुनि विश्वामित्र व वशिष्ठ की झांकी थी। दिल्ली से आए कलाकारों ने दक्षिण भारतीय शैली में कथक कली नृत्य करते सजीव झांकी निकाली। बिजनौर से आई सजीव झांकी में कलाकार रामलला के स्वरूप में सजकर आए।

 


जब बिजली हो गई गुल

रावतपाड़ा चौराहे से जैसे ही रामबरात नगर भ्रमण के लिए आगे बढ़ी। बिजली गुल हो गई। लोग अपनों को पुकारते, बच्चों को हाथ थामते और अपने मोबाइल व पर्स को संभालते हुए नजर आए। करीब पांच मिनट बाद फिर से विद्युत आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।


बच्चों में दिखा उत्साह

बच्चों में गजब का उत्साह रहा। वह अभिभावकों के साथ बरात में पहुंचे। छोटे बच्चे परिजन के कंधों पर बैठे दिखे। खेल-खिलौने और खाने-पीने के सामान का आनंद लिया।

 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *