रामनगरी अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि परिसर में शनिवार को सिद्ध योग के शुभ संयोग में परकोटा स्थित गणेश मंदिर के शिखर पर विधि-विधान के साथ भगवा ध्वज फहराया गया। वैशाख कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि को वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन के बीच शाम 5:30 बजे ध्वजारोहण संपन्न हुआ।
परकोटा के मंदिरों में ध्वजारोहण शृंखला के क्रम में गणेश मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज लहराया गया। अब परकोटा के दो अन्य मंदिरों व शेषावतार मंदिर के शिखर पर भी शीघ्र ही ध्वज आरोहित किए जाएंगे।
ध्वजारोहण की प्रक्रिया मैनुअल तरीके से संपन्न कराई गई
गणेश मंदिर के शिखर पर स्थापित 19 फीट सात इंच ऊंचे दंड पर ध्वज चढ़ाया गया। ध्वज की लंबाई (लहर) 9.3 फीट और चौड़ाई (लपेट) 4.7 फीट है। विशेष बात यह रही कि ध्वजारोहण की प्रक्रिया पूरी तरह पारंपरिक और मैनुअल तरीके से संपन्न कराई गई।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, सिद्ध योग में किए गए शुभ कार्य अत्यंत फलदायी माने जाते हैं। इसी कारण इस पावन मुहूर्त में ध्वजारोहण का आयोजन किया गया। पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण रहा।
शेषावतार मंदिर पर ध्वजारोहण किया जाएगा
राम मंदिर के ट्रस्टी डॉ अनिल मिश्र ने बताया कि जल्द ही परकोटा के शिव मंदिर, माता भगवती मंदिर समेत शेषावतार मंदिर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसी माह के अंत तक सभी मंदिरों में ध्वजारोहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
इस अवसर पर मंदिर निर्माण से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं एवं विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्र, गोपाल राव, सीआरपीएफ कमांडेंट सतीश चंद्र दुबे, एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे, एलएंडटी के मैनेजर विनोद मेहता, टाटा के मैनेजर धर्मेंद्र शुक्ल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
