Rampur: Salon operators and beauty parlor centers will also have pay tax, approved municipality meeting

रामपुर में नगर पालिका की बैठक में सभासद
– फोटो : संवाद

विस्तार


रामपुर नगर पालिका परिषद की दूसरी बोर्ड बैठक में एक अरब से ज्यादा के विकास कार्यों को मंजूरी मिल गई। वहीं पालिका ने अपनी आय बढ़ाने के लिए ड्राईक्लीनर्स, बिजली के सामान के विक्रेता, ब्यूटी पार्लर, सैलून, गैस एजेंसी, खाद की दुकान, मिठाई की दुकान पर भी टैक्स लगाने का फैसला किया है।

विधायक की मौजूदगी में हुई बैठक में तमाम प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई। बैठक के दौरान सभासदों में नोकझोंक भी हुई। शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष सना मामून की अध्यक्षता में नगर पालिका बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में सदस्य के रूप में शहर विधायक आकाश सक्सेना शामिल हुए।

अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने एजेंडा पढ़ना शुरू किया। सभासदों ने एजेंडे के 50 प्रस्तावों को ध्वनिमत से पास कर दिया। इसमें 596 सड़कों और गलियों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा कुल 997 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त नगर पालिका ने होटल, गेस्ट हाउस, नर्सिंग होम, निजी अस्पताल, पैथोलॉजी सेंटर, शराब और बियर की दुकान आदि का लाइसेंस बढ़ाने के साथ ही टैक्स में भी बढ़ोतरी की।

वहीं बैठक में ड्राईक्लीनर्स, बिजली के सामान के विक्रेता, ब्यूटी पार्लर, सैलून, गैस एजेंसी, खाद की दुकान, मिठाई की दुकान, बिल्डिंग मैटेरियल विक्रेता, रेडियो स्टेशन, बेकरी, जनरल स्टोर आदि व्यवसायों पर भी सालान टैक्स लगाने को मंजूरी दी गई। वहीं, शहर में घरों, होटलों आदि स्थानों पर बने शौचालयों के सेप्टिक टैंक की सफाई नियमित करने एवं निस्तारण करने के लिए फीकल स्लज एवं सेप्टिक प्रबंधन का प्रस्ताव पास हुआ।

सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए नगर पालिका शुल्क वसूलेगी। कुल मिलाकर 100 करोड़ से अधिक का बजट पास किया गया। इस दौरान शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि रामपुर के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सभासद अपने वार्ड की समस्या लेकर सीधे उनके पास आ सकते हैं।

सभी की समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस अवसर पर श्वेता शर्मा, सुमित अरोरा, सीमा प्रजापति, विनोद कश्यप, दिनेश कश्यप, दिनेश रस्तोगी के साथ कुल 41 सभासद शामिल हुए। बैठक से दो सभासद अनुपस्थित रहे।

सभासदों ने रखे सुझाव

वार्ड नंबर 36 के सभासद डाॅ. जफर ने कहा कि एजेंडे में ड्राईक्लीनर्स, ब्यूटी पार्लर, स्वीट हाऊस समेत छोटे व्यवसायों पर जो टैक्स लगाने का प्रस्ताव रखा गया है, उसे हटा दिया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि अपने घोषणापत्र में पालिकाध्यक्ष ने वॉटर टैक्स माफ और हाउस टैक्स हॉफ करने की बात कही थी, उसे लागू किया जाए। कहा कि बमनपुरी स्टेडियम का कूड़े का पहाड़ खत्म किया गया है उसे तरह हजरतपुर का कूड़े का ढेर भी हटाया जाए। इसके अलावा अन्य सभासदों ने भी दिए गए प्रस्तावों पर अपनी बात रखी।

विधायक से की चौराहों का नाम बदलवाने की मांग

सभासद दल की चुनी गई नेता श्वेता शर्मा ने विधायक से मांग करते हुए कहा कि आंबेडकर पार्क से गांधी समाधि तक जाने वाले मार्ग का नाम महात्मा गांधी मार्ग किया जाए। शाहबाद गेट से इलाहाबाद बैंक को आने वाले मार्ग का नाम जनपथ मार्ग किया जाए। मिस्टनगंज चौराहे का नाम महावीर चौक किया जाए। इसके अलावा माल गोदाम चौराहे का नाम खालसा चौक किया जाए।

पहली बार पूरा हुआ बोर्ड बैठक का काेरम

रामपुर नगर पालिका परिषद के की बोर्ड बैठक का कोरम पहली बार पूरा हुआ। हर बार कभी सभासद आधे रहते थे तो कभी प्रशासनिक अधिकारी नहीं रहता था। तो कभी जनप्रतिनिधि के न आने से कोरम पूरा नहीं हो पाता था। इस बार कोरम पूरा हो गया। पहली बार विधायक आकाश सक्सेना सभासदों के बीच बोर्ड बैठक में शामिल हुए। इससे सभासद उत्साहित नजर आए।

सभासदों के बीच हुई नोकझोंक

आम आदमी पार्टी के वार्ड 36 के सभासद डॉ. जफर चर्चा के दौरान कई बिंदुओं पर सुधाव देने लगे। इसके चलते निर्दलीय व दूसरे दलों के सभासदों ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि सिर्फ एक व्यक्ति के सुझाव न सुने जाएं। सभी सभासदों को बारी-बारी से बोलने का मौका दिया जाए।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *