
Delhi-Ghaziabad-Meerut Regional Rapid Transit System (RRTS)
– फोटो : PTI
विस्तार
यात्रीगण कृपया ध्यान दें, नमो भारत ट्रेन मेरठ साउथ (भूड़बराल) से चलकर मोदीनगर नॉर्थ के लिए रवाना हो रही है …दरवाजों से सटकर न खड़े हों, अगला स्टेशन मोदीनगर साउथ है…परतापुर तिराहे के पास मेरठ साउथ स्टेशन पर ऐसा उद्घोष सुनाई देने लगा है।
साहिबाबाद से मोदीनगर नॉर्थ तक ट्रेन का रोज सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक संचालन हो रहा है। ट्रेन मोदीनगर में यात्रियों को उतारकर मेरठ साउथ स्टेशन तक दौड़ रही है। हर पंद्रह मिनट में मेरठ साउथ से साहिबाबाद तक ट्रेन चल रही है। लोगों के लिए नमो भारत रैपिड ट्रेन को 24 जून से चलाने की तैयारी है।
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ट्रेन को हरी झंडी दिखाने आ सकते हैं। इसके बाद टिकट लेकर कीजिए अपनी नमो भारत ट्रेन में सफर। मेरठ साउथ स्टेशन बनकर तैयार हो चुका है।
यह स्टेशन मेरठ के बॉर्डर पर है, जिसके चलते मोहिउद्दीनपुर, भूड़बराल, बहादुर, अमीनगर, छज्जुपूर, खरखौदा और कादराबाद समेत आसपास के अन्य इलाकों में रहने वाले लोगों समेत मेरठ से दिल्ली के बीच सफर करने वाले आठ लाख लोगों को इस ट्रेन का फायदा मिलने जा रहा है। रैपिड ट्रेन के चलने से मेरठ-गाजियाबाद और दिल्ली के बीच कारोबार बढ़ने के आसार हैं।
