– एक्स-रे मशीन में घुसे थे चूहे, 24 घंटे बाद शुरू हो पाई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जिला अस्पताल में लाखों खर्च कर जांचों के लिए मशीनें लगाई गई हैं। लेकिन, यहां चूहों का आतंक यह है कि हर दूसरे माह में चूहे मशीनों के पुर्जे काटकर उन्हें खराब कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि मशीनों की मरम्मत करने वाली कंपनी इन्हें ठीक करने के इतने रुपये बताती है, जितने में दूसरी मशीन खरीदी जा सकती है।
बृहस्पतिवार को रेडियोलॉजी विभाग में लगी लाखों रुपये की एक्स-रे मशीन में चूहे घुस गए। इसके बाद यहां एक्स-रे की सुविधा ठप हो गई। इसके बाद मरीज मंडलीय प्रमुख चिकित्सा अधीक्षण कार्यालय पहुंच गए और एक्स-रे न होने की शिकायत की। यहां जानकारी की गई तो पता चला कि मशीन में चूहे घुस गए हैं और एक्स-रे मशीन को नुकसान पहुंचा दिया है, जिसके चलते एक्स-रे नहीं हो पा रहे हैं। इसके बाद चूहों को मशीन से निकाला गया, तब जाकर सेवा बहाल हो सकी।
हार्मोन एनालाइजर मशीन को भी नुकसान पहुंचा चुके हैं चूहे
जिला अस्पताल की लैब में लगाई गई हार्मोन एनालाइजर मशीन को भी बीते साल चूहे नुकसान पहुंचा चुके हैं। लेकिन, चूहों ने जो किया वह तो परेशानी का कारण था ही लेकिन, मशीन ठीक करने वाली कंपनी ने चूहों के नाम पर इतना बड़ा बिल बना दिया कि अस्पताल प्रशासन भी परेशान हो गया। कंपनी ने मशीन ठीक करने के लिए पांच लाख का खर्च बता दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन अपने टेक्नीशियन से मशीन की जांच कराई और कुछ हजार के खर्च से मशीन ठीक करा ली।
अब बनाई जा रही सुरक्षित लैब
महंगी मशीनों को नुकसान पहुंचाने वाले चूहों से निपटने के लिए अब अस्पताल प्रशासन ने पूरी लैब को ही कवर करने की व्यवस्था कर दी है। यहां पूरी लैब को डिजिटल करने के साथ ही कमरों में एसी लगाए जा रहे हैं ताकि, कमरे पूरी तरह बंद हो सकें।
वर्जन
बुधवार को एक्स-रे मशीन में चूहे घुस जाने के कारण थोड़ी देर के लिए एक्स-रे सुविधा बाधित हो गई थी लेकिन, कुछ देर बाद व्यवस्था ठीक हो गई थी। चूहों द्वारा मशीनों को पहले भी नुकसान पहुंचाया जा चुका है।
डॉ. प्रमोद कुमार कटियार, मंडलीय प्रमुख चिकित्सक अधीक्षक, जिला अस्पताल
