RCC bridge will be built on Moongtal drain

 तिलोई के ग्रामसभा सराय महेशा के मजरे पूरे उदवत ​स्थित मूंगताल ड्रेन

अमेठी सिटी। मूंगताल ड्रेन पर पुल नहीं होने से करीब 50 हजार की आबादी को दूसरी ओर जायस मंडी तक जाने के लिए करीब 10 किमी लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। ऐसे में ये लोग लंबे समय से स्थानीय जनप्रतिनिधियों से पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। इसे देखते हुए अब मूंगताल ड्रेन पर करीब पौने तीन करोड़ की लागत से आरसीसी लघु सेतु, पहुंच मार्ग व अतिरिक्त पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।

विधानसभा क्षेत्र तिलोई के ग्राम सराय महेशा के मजरे पूरे उदवत के पास मूंगताल ड्रेन पर पुल बनाने की मांग बीते चार दशक से हो रही है। इसमें हर बार जनता के हिस्से में सिर्फ वादे आते रहे हैं। अब स्थानीय विधायक व राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने ड्रेन पर पुल निर्माण का प्रस्ताव दिया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से यह प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जायस मंडी जाने के लिए लोगों को सरायमहेशा होते हुए अकेलवा चौराहा जाना पड़ता है, जिसकी कुल दूरी करीब 10 किमी है।

पुल का निर्माण होने से करीब आठ किमी दूरी की बचत होगी। लोग आराम से मंडी व अन्य स्थानों पर पहुंच सकेंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने बताया कि शासन से प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद पुल निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

बार-बार टूट जाता है लकड़ी का पुल

मूंगताल ड्रेन में पानी ज्यादा होने की स्थिति में लकड़ी के पुल के सहारे लोग जान जोखिम में डालकर दूसरी ओर जा पाते हैं। वहीं, बरसात के मौसम में यह लकड़ी का पुल भी टूट जाता है। कम पानी होने पर स्थानीय किसान व अन्य लोग नाले के अंदर से भी पार करते हैं। सराय महेशा निवासी गुरुशरण ने बताया कि पुल नहीं होने से लोग जान जोखिम में डाल रहे हैं। स्थानीय नेताओं से कई बार पुल बनाने की गुहार लगाई जा चुकी है। ऐसे में जब तक पुल न बन जाए तब तक इंतजार ही करना होगा। सराय महेशा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आदित्य पांडेय ने बताया कि विधायक से लंबे समय से पुल बनवाने की मांग की जा रही थी, यदि पुल बन जाता है तो स्थानीय लोगों को फायदा होगा।

इन गांवों के लोगों को मिलेगा फायदा

पुल बन जाने से सराय महेशा, अकेलवा, मोहना, बहादुरपुर, उड़वा, फरीदपुर परवर, शाहमऊ, पूरे फेरी, पूरे लोधन, उमरी, मगदूमपुर आदि गांवों के लोगों को फायदा मिलेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *