गोवंशों के स्वास्थ्य की नियमित देखभाल जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बुधवार को ट्रांसपोर्ट नगर में नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित बृहद कान्हा गो आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि 20 गो सेवकों की तैनाती के बाद भी गोबर बिखरा पड़ा है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण कीचड़ है। पूरी गोशाला में संरक्षित गोवंशों के विचरण के लिए साफ स्थान नहीं है। गोवंशों में बीमारी फैलने की आशंका है।
उनको बताया गया कि गोशाला में संरक्षित 872 गोवंशों की देखभाल, साफसफाई, गोवंशों को भूसा चारा खिलाने के लिए 17 गो सेवक दिन में और तीन रात में तैनात हैं। निरीक्षण के दौरान गोसेवक रतनेश, धर्मेंद्र ही मौके पर मिले। शेष नदारद थे। गो सेवकों को 9200 रुपया प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है। संरक्षित गोवंशों की सेहत भी ठीक नहीं मिली। निरीक्षण में दो गोवंश मरे मिले। गो सेवक ने बताया कि दोनों गोवंश सड़क दुर्घटना में मरे हैं। कैटल कैचर के माध्यम से गोशाला लाया गया है। पशु चिकित्साधिकारी के आने पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संरक्षित गोवंशों की उचित देखभाल करें। समय से टीकाकरण किया जाए। पशु चिकित्साधिकारी नियमित रूप से भ्रमण कर पशुओं की देखभाल करें। गो आश्रय स्थल को जाने वाले मार्ग की मरम्मत प्राथमिकता पर कराई जाए। गोशाला में उपलब्ध गोबर की नियमानुसार बिक्री कर धनराशि जमा कराई जाए।