Relief for Amethi candidates, special train will run

परीक्षा देकर ट्रेन से उतरते अभ्यर्थी

अमेठी सिटी। अमेठी में इस बार भले ही पुलिस भर्ती के लिए परीक्षा केंद्र नहीं बनाया, लेकिन यहां के परीक्षार्थियों के लिए कई सहूलियतें दी गईं। जिले के परीक्षार्थियों के लिए गैर जनपद परीक्षा देने के लिए एक स्पेशल ट्रेन का भी संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही इंटरसिटी का समय भी बदला गया है। संगम एक्सप्रेस में परीक्षार्थियों के लिए दो अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं।

Trending Videos

रेल विभाग लखनऊ से वाराणसी के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन करेगा। यह ट्रेन लखनऊ से 25, 30 व 31 अगस्त को रवाना होगी। इससे लखनऊ व रायबरेली में परीक्षा देने वाले जिले के अभ्यर्थी वापस आ सकते हैं। यह ट्रेन गौरीगंज व अमेठी ठहरेगी।

इसी तरह दोपहर में एक बजे लखनऊ से रवाना होने वाली इंटरसिटी भी 24, 30 व 31 अगस्त को अपने निर्धारित समय 1:10 बजे के बजाय 3:00 बजे रवाना होगी। अयोध्या-प्रयागराज मनवर संगम एक्सप्रेस में 31 अगस्त से दो सितंबर तक दो अतिरिक्त कोच परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए लगाए जाएंगे। इस ट्रेन से जिले के रामगंज स्टेशन से परीक्षार्थियों को सुल्तानपुर, अयोध्या व प्रयागराज में बने केंद्रों पर जाने में सुविधा मिलेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक लखनऊ रेखा शर्मा ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। गौरीगंज स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि लखनऊ से आने वाली स्पेशल ट्रेन की सूचना मिली है।

डिपो की 21 बसों से निकले करीब 300 से अधिक परीक्षार्थी

अमेठी। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर शुक्रवार अमेठी बस स्टेशन सुलतानपुर, लखनऊ, अयोध्या, रायबरेली, प्रयागराज आदि स्थानों के लिए करीब 21 बसों से अभ्यर्थी रवाना हुए। देर शाम तक करीब तीन सौ से अधिक परीक्षार्थी डिपो की बसों से अपने गंतव्य को निकले। संचालन प्रभारी पूरन लाल ने बताया कि बसों के लौटने के बाद ही परीक्षार्थियों के आवागमन का सही आंकड़ा निकलेगा। बताया कि आज करीब तीन सौ से अधिक अभ्यर्थी बसों से गए हैं। परीक्षार्थियों के लिए बसें स्टेशन पर खड़ी हैं।

हर एक घंटे पर बसों का संचालन

पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए सुल्तानपुर के लिए भोर साढ़े पांच बजे से बसें रवाना होंगी, जो हर आधे घंटे के अंतराल पर निकलेंगी। लखनऊ के लिए छह बजे, अयोध्या के लिए साढ़े पांच बजे, प्रयागराज के लिए साढ़े छह बजे बसें निकलेंगी। इन रूटों पर हर एक घंटे में बसों का संचालन रहेगा।

परीक्षा देकर लौटे परीक्षार्थियों के चेहरे पर दिखी मुस्कान

अमेठी सिटी। जिले में आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा का केंद्र नहीं होने से बृहस्पतिवार को रवाना हुए परीक्षार्थियों की रात परेशानी भरी रही। शुक्रवार की सुबह केंद्र तक पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, पेपर अच्छा होने पर परीक्षार्थियों को बड़ा सुकून मिला है। परीक्षा के बाद नीलांचल एक्सप्रेस से वापस गौरीगंज स्टेशन पर पहुंचे परीक्षार्थियों के चेहरे पर मुस्कान साफ नजर आई।

ई रिक्शा चालकों ने मनमाना किराया वसूला

गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर पुरी-दिल्ली नीलांचल एक्सप्रेस से लखनऊ में निर्धारित केंद्र पर आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा देकर लौटे असैदापुर निवासी आदित्य सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात ट्रेन से लखनऊ गए थे। रातभर प्लेटफार्म पर रहने के बाद सुबह परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुए। ई-रिक्शा चालक ने मनमाना किराया वसूला।

केंद्र तक पहुंचने में परेशानी हुई, लेकिन पेपर अच्छा रहा। गौरीगंज के ऐंधी गांव की रूमांशी साहू ने बताया कि रात में ट्रेन से जाकर लखनऊ में बुआ के घर रुकी थी। पूरी रात तैयारी की। सुबह परीक्षा केंद्र पहुंची। केंद्र पर बैग व सामान जमा करने में परेशानी हुई, लेकिन पेपर में आए सामान्य ज्ञान सहित अन्य सवाल उनकी तैयारियों के अनुरूप थे। समय से पेपर हल कर लिया। पूरा विश्वास है कि सफलता मिलेगी।

गौरीगंज के ही पाठक का पुरवा निवासी आयुष तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को बस से लखनऊ गया था। रात भर भाई के रूम पर रहे। सुबह परीक्षा में शामिल हुआ। पेपर अच्छा होने से रात भर की थकान व इतने दिन की मेहनत सफल होती नजर आ रही है।

विसूरा निवासी आदर्श ने बताया कि रात में जनसाधारण एक्सप्रेस से लखनऊ गए थे। रात भर प्लेटफार्म पर बिताई। गर्मी में परेशानी के बीच तैयारी कर सुबह परीक्षा केंद्र पहुंच परीक्षा में शामिल हुआ। पेपर अच्छा हुआ तो अब थकान नहीं महसूस हो रही है। यही हाल तकरीबन अन्य परीक्षार्थियों का रहा। पेपर अच्छा होने से परीक्षार्थियों के चेहरे पर मुस्कान साफ नजर आई। परीक्षार्थी अपनी सफलता को लेकर निश्चिंत दिखे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *