
शिविर में समस्याएं सुनते नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह।
लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित गृहकर समाधान शिविर में 74 भवन स्वामियों को राहत मिली। ये सभी गलत जीआईएस सर्वे के कारण गृहकर बढ़ जाने से परेशान थे। इनमें से काफी लोगों का हाउस टैक्स तीन गुना तक बढ़ गया था।
सुबह दस बजे शुरू हुआ और शिविर दोपहर करीब दो बजे तक चला। इस दौरान आपत्ति दर्ज कराने आए लोगों में से ज्यादातर वे थे, जो कई बार जोनल ऑफिसों का चक्कर लगा चुके थे पर उनकी समस्या दूर नहीं हुई थी। इन लोगों ने नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह के सामने परेशानी बताई। इसके बाद जांच कर बढ़ा हुआ गृहकर मौके पर ही कम कर दिया गया। शिविर में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद राव और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अंबी बिष्ट मौजूद रहीं। लालकुआं वार्ड के छितवापुर पजावा निवासी सुशीला देवी के मकान के गृहकर का वार्षिक किराया मूल्यांकन (एआरवी) तीन गुना से अधिक बढ़ गया था। समाधान शिविर में इसकी आपत्ति दर्ज कराने के बाद यह 21,600 से 7200 रुपये हो गया। गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर पांच निवासी राजेश दीक्षित के मकान का गृहकर का वार्षिक किराया मूल्यांकन जीआईएस सर्वे के बाद दोगुना से अधिक बढ़कर 63,000 रुपये हो गया था। मकान में कोई और निर्माण न कराने पर भी गृहकर मूल्यांकन बढ़ने से वे परेशान थे। शिविर में इसे 35,437 रुपये कर दिया गया।
किस जोन में आए कितने मामले
जोन एक-17, जोन दो-08, जोन तीन-16, जोन चार-02, जोन पांच-09, जोन छह-11, जोन सात-07, जोन आठ-04
