संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
Updated Fri, 23 Aug 2024 05:21 AM IST

श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार देर शाम डीएम ने राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान राजस्व मामलों के निस्तारण में शिथिलता बरतने वाले एक राजस्व निरीक्षक को निलंबित किया गया। जबकि पांच को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई।
समीक्षा के दौरान डीएम अजय कुमार द्विवेदी को पता चला कि राजस्व निरीक्षक रामकिशुन, कृष्ण कुमार, शेष नरायन, मंगली प्रसाद, रामधीरज व अशोक कुमार मौर्य काम में लापरवाही बरत रहे हैं। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए राजस्व निरीक्षक रामकिशुन को निलंबित कर दिया गया। जबकि शेष पांच को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। इस दौरान डीएम ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारियों का दायित्व है कि दिए लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा करें। काम में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसडीएम भिनगा पीयूष जायसवाल, जमुनहा एसके राय, इकौना ओमप्रकाश, संजय कुमार व तहसीलदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
