Speeding car crushed three people, one died

टक्कर मारने वाली क्षतिग्रस्त कार
– फोटो : संवाद

विस्तार


अलीगढ़ में हरदुआगंज  कस्बे के हनुमान गढ़ी तिराहे पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार पर बेकाबू हुई कार सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को कुचल यात्री शेड तोड़ती हुई सोलर लाइट के खंभे से टकरा गई। हादसे में फल विक्रेता के पिता की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने कार से निकले तीन युवकों को पीटना शुरू कर दिया। इन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से बचाया और थाने भेज दिया। 

 परिजनों ने सड़क पर शव रखकर विलाप शुरू कर दिया और जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने किसी तरह से उन्हें समझाबुझाकर जाम खुलवाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक प्रेम शंकर उर्फ लल्ला उर्फ उस्ताद (50) पुत्र दौलतराम कस्बे के मोहल्ला दाऊजी के रहने वाले थे। वह अनाज मंडी में पल्लेदार थे। बुधवार अपराह्न सवा बारह बजे करीब वह हनुमानगढ़ी तिराहे के पास बने यात्री विश्राम गृह के बराबर में बेटे सनी की अमरूद की ढकेल लेकर खड़े थे। 

शव के पास विलाप करता बेटा, मां और परिवार के सदस्य

इसी दौरान अलीगढ़ की ओर से तेज रफ्तार से आई कार विपरीत दिशा में सड़क किनारे खड़े लोगों, यात्री शेड और ढकेल को रौंदते हुए सोलर लाइट के खंभे से जा टकराई। अचानक हुए हादसे से लोग हक्के बक्के रह गए। इसी बीच कार से तीन युवक उतरे तो गुस्साए लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल कार सवारों को बचाया। 

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए युवक वंश पुत्र तेजेंद्र सिंह, ऋषभ पुत्र सत्येंद्र सिंह निवासीगण रामबाग कॉलोनी व आदित्य ठाकुर पुत्र पिंकू सिंह निवासी खिटकारी हाल निवासी कुलदीप विहार बताया है। गाड़ी वंश चला रहा था। इस हादसे में 80 वर्षीय जीतपाल पुत्र चुन्नी लाल और डाकघर में काम करने वाले शिवांश बघेल पुत्र लक्ष्मण सिंह भी घायल हुए हैं। इस दौरान कुछ युवकों ने जाम से गाड़ी निकाल रहे लोडर टेंपो में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने एहतियातन कई थानों की  पुलिस को मौके पर बुला लिया। लगभग डेढ़ घंटे बाद सभ्रांत लोगों और क्षेत्राधिकारी मोहसिन खान के समझाने पर जाम खोला।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *