संवाद न्यूज एजेंसी

Trending Videos

ललितपुर। बारिश से नगर पालिका की कई प्रमुख सड़कें जर्जर हालत में पहुंच गई हैं। समय पर मरम्मत न होने से गड्ढों का आकार बढ़ गया है। इन मार्गों से चार पहिया तो दूर दो पहिया वाहन भी ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। कई बार बाइक चालक गड्ढों से बचने के चक्कर में अनियंत्रित होकर गिर तक जा रहे हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार गड्ढों को भरने तक की जहमत नहीं उठा रहे हैं। इसका खामियाजा राहगीरों को परेशान होकर भुगतना पड़ रहा है।

शहर की प्रमुख सड़कों में कलक्ट्रेट-सदनशाह मार्ग शामिल है। इस मार्ग से अफसर व जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं। इस मार्ग से अधिकांश लोग कलक्ट्रेट, न्यायालय, विकास भवन, रेलवे स्टेशन आदि क्षेत्रों के लिए जाते हैं। वर्तमान में सड़क पूरी तरह से गड्ढों से छलनी हो गई है। इसके बाद भी निर्माण तो दूर सड़क को गड्ढा मुक्त तक नहीं किया जा रहा है।

नगर में राजघाट मार्ग की ओर से आने वाले राहगीर पिसनारी-घुसयाना मार्ग से आते-जाते हैं। दिनभर मार्ग पर वाहनों की कतार लगी रहती है। इसी मार्ग से मरीज भी अस्पताल की ओर आते हैं। वर्तमान में इस सीसी रोड पर सीमेंट कहीं नजर नहीं आ रही है। गिट्टी व धूल के गुबार मात्र ही उड़ रहे हैं। यह हाल लगभग पांच वर्ष से बना हुआ है।

सदनशाह-सिद्दनमार्ग प्रमुख मार्गों में जाना जाता है। इस मार्ग से सिद्दनपुरा, नेहरूनगर व जुगपुरा के साथ ही जाखलौन, धौर्रा, देवगढ़, बुढ़वार समेत 50 गांवों के लोग आते जाते हैं। इस मार्ग में गोविंद सागर बांध की बाईं नहर से सदनशाह तक पहुंचना मुश्किल है। गड्ढों से कई बार चार पहिया वाहन तक फंस जाते हैं। दो पहिया वाहन भी अनियंत्रित हो जाते हैं।

तुवन से जेल चौराहा मार्ग बीते माह तक सबसे अच्छी सड़कों में थी, लेकिन जुलाई में पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदाई के बाद से जर्जर हो गई। पाइपलाइन तो बिछ गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं की गई है। अब आधी सड़क ही सुरक्षित रह गई है। ऐसे में आए दिन वाहन फंस रहे हैं तो भारी वाहनों की निकासी से धूल के गुबार उड़ रहे हैं।

शहर में प्रमुख सड़कों के प्रस्ताव पास हैं। टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा।

– दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *