
नेहरू नगर चौराहा के पास जलभराव से इस तरह खराब ई-रिक्शा को धक्कामार कर लेजाता युवक।
– फोटो : संवाद
रायबरेली। जिले में 10 घंटे हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन शहर में सड़कों पर पानी भर गया। इससे आवागमन प्रभावित रहा। महराजगंज क्षेत्र में कच्ची दीवार ढह गई। इससे टिनशेड टूट गया। गनीमत रही कि टिनशेड के नीचे कोई नहीं था।
रात 12 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला। आसमान में बादल छाए और बारिश होने लगी। रविवार की सुबह 10 बजे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के कारण शहर क्षेत्र के बेलीगंज, मलिकमऊ रोड, सत्य नगर, छजलापुर, कल्लू का पुुरवा, आजाद नगर, फातिमा नगर, सोनिया नगर, नया पुरवा, घोसिायाना, बरवारी का पुरवा, बरखापुर मोहल्ले में जलभराव हो गया।
नागरिक दिनेश यादव, रामभजन वर्मा, मो. आसिफ ने बताया कि जलभराव होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर आवागमन में दिक्कत हुई। हलोर प्रतिनिधि के मुताबिक महराजगंज क्षेत्र के अलीपुर ग्राम पंचायत के कुशलगंज गांव निवासी अंजनी कुमार शुक्ला के घर की कच्ची दीवार सुबह भरभराकर ढह गई। दीवार पर रखी टिनशेड क्षतिग्रस्त हो गई। दीवार गिरने से भूसा नष्ट हो गया।
नगर पालिकाध्यक्ष शत्रोह्न सोनकर ने बताया कि जिन मोहल्लों में जलभराव रहा, वहां पर जलकल विभाग के जेई नीरज कुमार की अगुवाई में टीम भेजकर पानी निकासी कराई।
किसानों के चेहरे खिले
अगस्त माह में हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। बिन पानी धान की फसल सूख रही थी, लेकिन बारिश होने से धान की फसल लहलहा उठी है। जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय के मुताबिक इस बार 90 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की रोपाई की गई है। 10 घंटे में जिले में 40 मिमी. बारिश हुई है। अब तक अगस्त माह में 165.5 मिमी. बरसात हो चुकी है। पिछले साल 2023 में अगस्त माह में महज 80 मिमी. बारिश हुई थी।
बारिश से कहीं पांच तो कहीं आठ घंटे गुल रही बिजली
रायबरेली। जिले में शनिवार रात और फिर रविवार दोपहर तक हुई बारिश से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। कहीं पर लाइनों में फॉल्ट आया, तो कहीं इंसुलेटर और डिस्क खराब हुए। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र कठगर से जुड़े 250 गांवों के लोगों हुईं। यहां पर शनिवार रात से बिजली गुल है।
रविवार को दोपहर 11.30 बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। करहिया बाजार, सूची, डीह विद्युत उपकेंद्रों की भी बिजली गुल रही। शहर के विद्युत उपकेंद्र गोराबाजार, आईटीआई से जुड़े उपभोक्ताओं को सुबह बिजली नहीं आने पर पेयजल की समस्या से जूझना पड़ा। सात बजे गई बिजली 10 बजे आई। इससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
विद्युत उपकेंद्र करहिया से निकले फीडरों के तार जर्जर है। आए दिन फॉल्ट से उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सूची उपकेंद्र से निकले रायपुर महेरी फीडर से जुड़े लोग भी बेहाल रहे। लाइन में फॉल्ट से दोपहर 12 बजे तक बिजली गुल रही। जगतपुर क्षेत्र के भीखा का पुरवा गांव के पास डिस्क खराब होने से भीखा का पूरवा, महारानी का पूरवा, आगाचीपुर, पूरे पासिन का पूरवा गांव की बिजली दो घंटे गुल रही। अधीक्षण अभियंता विवेक कुमार सिंह ने बताया कि बारिश की चलते फॉल्ट रही। अब सभी जगह बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है।
