roadways buses collided with each other

हादसे में क्षतिग्रस्त रोडवेज बसें
– फोटो : संवाद

विस्तार


हाथरस के सिकंदराराव-कासगंज रोड पर गांव निहालपुर के पास सुबह लगभग सात बजे दो रोडवेज बस आपस में भिड़ गईं। भिड़ंत में 11 यात्री घायल हो गए। घायलों में हाथरस और अलीगढ़ के यात्रियों की संख्या ज्यादा है। इनमें से तीन गंभीर घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। टक्कर के पीछे का कारण बताया जा रहा है कि कासगंज की तरफ जा रही रोडवेज बस ने तेज गति से तेल के टैंकर को ओवरटेक किया। इतने में सामने रोडवेज की दूसरी बस आ गई और दोनों बस आपस में तेजी से भिड़ गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बस कासगंज डिपो की हैं तथा एक बस कासगंज से बुलंदशहर के लिए प्रातः छह बजे चली थी, जबकि दूसरी बस कासगंज के लिए जा रही थी। गांव निहालपुर के पास हुई भिड़ंत के बाद बसों के टकराने की जोरदार आवाज हुई । काफी संख्या में कांवड़िए गंगा घाट कछला से कावड़ लेकर आ रहे थे। उनके साथियों ने तुरंत राहत कार्य प्रारंभ किया तथा घायलों को बस से बाहर निकाल कर एंबुलेंस के द्वारा सीएचसी भिजवाया।

आमने-सामने हुई भिड़ंत के बाद दोनों बसों की  सीट उखड़ कर एक दूसरे के ऊपर चढ़ गई। अधिकांश लोगों के चेहरे, होठ तथा पांव में चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम धर्मेंद्र सिंह चौहान, सीओ श्यामवीर सिंह, कोतवाल अरविंद राठी फोर्स तथा एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गए। सीएचसी पर कई डाक्टर तथा पैरामेडिकल स्टाफ ने घायलों का इलाज किया। घायलों में से बस का चालक तथा परिचालक को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया है । एक बच्चा तथा उसकी मां को भी रेफर कर दिया गया है।

ये हुए घायल

हादसे में जितेंद्र पुत्र राकेश विद्यानगर हाथरस, पन्नालाल पुत्र नेकसे राम काली मंदिर सासनी गेट अलीगढ़ ,अजय पाल पुत्र रामजीलाल गांव महमूदपुर सिकंदराराव, पूजा पुत्री राकेश 30 वर्ष गांव पनेठी अलीगढ़, राकेश पुत्र दाऊ दयाल गांधी पार्क कोतवाली हाथरस 55 वर्ष, विनीता पत्नी सुरेश 35 वर्ष गांव महमूदपुर सिकंदरा ,राव मीरा देवी पत्नी अमरपाल 45 वर्ष महमूदपुर सिकंदराराव ,राकेश पुत्र राजेंद्र निवासी पनेठी अलीगढ़, अजय पाल पुत्र होरीलाल 48 वर्ष निवासी नगला मोहन सहावर कासगंज यह रोडवेज बस का चालक था, चरण सिंह पुत्र बनवारी लाल 35 वर्ष गांव पहाड़पुर खुर्द सोरों यह बस का परिचालक था ,देवेंद्र पुत्र रामदयाल सिंह गांव देवी नगर रोड हाथरस जंक्शन घायल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *