
पीड़ित बैंक मित्र से जानकारी करते पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल
– फोटो : पुलिस
विस्तार
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव दतौरा स्थित सेंगर नदी के पुल पर 10 फरवरी की शाम को बाइक सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर एक बैंक मित्र से 2.50 लाख रुपये की नकदी लूट ली और फरार हो गए। कोतवाली हाथरस जंक्शन प्रभारी, सीओ सिकंदराराऊ और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित से घटना की जानकारी ली।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव दतौरा निवासी शिव कुमार पुत्र रामलाल कस्बा महौ में पंजाब नेशनल बैंक के बैंक मित्र हैं। 10 फरवरी की शाम को वह अपना सेंटर बंद करके बाइक से वापस गांव जा रहे थे। तभी गांव दतौरा से पहले स्थित सेंगर नदी की पुलिया के निकट बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर शिव कुमार पास मौजूद नकदी का थैला लूट लिया और फरार हो गए।

शिवकुमार ने बताया कि थैले में 2.50 लाख रुपये थे। शोरगुल होने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस को दी। कोतवाली हाथरस जंक्शन प्रभारी विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान भी चलाया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। सीओ सिकंदराराऊ डॉ. आनंद कुमार व अन्य अधिकारी भी पहुंच गए और घटना के संबंध में छानबीन की।
एक बैंक मित्र के साथ लूट की सूचना पर प्राप्त हुई है। घटना की जांच की जा रही है। -डॉ. आनंद कुमार, सीओ सिकंदराराऊ।
