इटावा। कानपुर मंडल के आरटीओ ने किसान का मोबाइल तोड़ने व पांच हजार रुपये मांगने के लगे आरोप पर एआरटीओ से जवाब मांगा है। इसके लिए उन्हें पांच दिन समय दिया है। संतोषजनक व तथ्यपरक जवाब न होने पर उन पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। कानपुर मंडल के आरटीओ राहुल श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो व समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लिया है। उन्होंने एआरटीओ प्रदीप कुमार से इस मामले में जवाब मांगा है। इसमें उन्हें पांच दिन का समय दिया गया है।
बता दें कि 19 फरवरी को एआरटीओ प्रदीप कुमार ने चेकिंग के दौरान आलू लदी पिकअप के भगाने पर उसका पीछा कर उसे नवीन मंडी समिति के बाहर पकड़ लिया था। चालान काटने को लेकर किसान व एआरटीओ में गहमागहमी हो गई थी। किसान ने मोबाइल तोड़ने व पांच हजार रुपये मांगने का आरोप लगाकर विरोध किया था।
साथ ही इसकी सूचना भाकियू जिलाध्यक्ष संजेश कुमार को दे दी थी। इस दौरान किसान पदाधिकारियों ने एआरटीओ की गाड़ी को घेर लिया था। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद यह मामला रफा-दफा हो गया था। 23 फरवरी को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।