संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। काकोरी कांड दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल सभागार में शहीदों को नमन वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहीदों को पुष्प एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर याद किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम एवं मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने शुरुआत की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने कहा कि हमें अनेक सपूतों के बलिदान से यह आजादी मिली है। राजकीय संग्रहालय के उपनिदेशक डॉ. मनोज कुमार गौतम ने बताया कि चार फरवरी 1922 में गोरखपुर के चौरीचौरा की घटना के बाद गांधीजी की ओर से 11 फरवरी 1922 को बारदोली (गुजरात) में असहयोग आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा की गई।
इस निर्णय ने क्रांतिकारी आंदोलन को पुनः जीवित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शहीद चंद्रशेखर आजाद, शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, शहीद ठाकुर रोशन सिंह, शहीद अशफाक उल्ला खान, शहीद राजेंद्रनाथ लाहिड़ी आदि क्रांतिकारी युवकों ने एक अखिल भारतीय सम्मेलन के बाद अक्टूबर 1924 में हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन की स्थापना की। संचालन आसमां खान ने किया। मुख्य वक्ता डाॅ. नीति शास्त्री, मोहन नेपाली रहे। निशांत भदौरिया और राधा प्रजापति ग्रुप ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मौके पर सुनील कुमार, नीतू सिंह, डाॅ. उमा पाराशर सहित स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।
