
आप सांसद संजय सिंह।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
आप सांसद संजय सिंह ने कहा है कि देश के लाखों कर्मचारी ओपीएस की मांग कर रहे थे। उनकी मांग नहीं सुनी गई। रामलीला मैदान, लखनऊ के साथ जिलों में प्रदर्शन किया। अब जब 4 राज्यों के चुनाव आने वाला है तो केंद्र सरकार यूपीएस लेकर आई है। संजय सिंह ने कहा कि सरकार इससे भारी संख्या में आदिवासी, दलितों और पिछड़ों को पेंशन से वंचित करेगी।
उन्होंने कहा कि लाखों काम करने वाले अर्ध सैनिक बल, देश की रक्षा वाले इस योजना से वंचित रह जायेंगे। यह योजना कर्मचारी का पैसा लेकर उनको पेंशन देने की योजना है। इस प्रेसवार्ता में संजय सिंह ने कुछ मुद्दे बिंदुवार उठाए।
1. सरकारी नौकरी में एससी, एसटी ओबीसी को उम्र की छूट होती है। अगर किसी को 36 साल में नौकरी मिली, वह ओबीसी है तो उसको पेंशन कैसे मिलेंगी ? क्योंकि 25 साल नौकरी करना जरूरी है। 24 साल में ही रिटायर हो जायेगा। यह पेंशन लाखों दलित, पिछड़ा और आदिवासी को योजना से वंचित करेंगी।
2. अर्ध सैनिक बल 20 साल की नौकरी करने के बाद सेवानृवित्त होते हैं। अब उनको पेंशन के लिए 25 साल नौकरी करनी होगी। नहीं तो वंचित हो जायेंगे।
3. कभी जीपीएफ का पैसा निकाल सकते थे शादी, घर बनवाने के लिए। इस योजना में अगर 20 साल नौकरी की तो पैसा कटेगा, 25 साल में ही पेंशन मिलेगी। 20 साल का काटा पैसा कहां गया?
संजय सिंह ने कहा कि यूपीएस देश के कर्मचारियों के साथ बड़ा धोखा है। यह एनपीएस से भी बदतर है। ये कर्मचारी का पैसा लेकर उसी को देने की योजना है। यूपीएस बंद की जाए और पुरानी पेंशन योजना लागू किया जाए। 40 दिन सांसद- विधायक रहे तो पेंशन मिलती है। 40 साल कर्मचारी तो पेंशन क्यों नहीं? अटेवा के आंदोलन को पूरा समर्थन करते हैं। 20 साल नौकरी करने वाले को भी पेंशन का लाभ दें। आखिरी सैलरी का आधा पेंशन दें।
वक्फ बोर्ड मामले पर दिया बयान
आप सांसद ने कहा कि मैं अभी मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली से मिला हूं। यह बिल क्यों लाया गया? मैं जीपीसी का सदस्य हूं। इसे लेकर भ्रांति फैलाई जा रही है। बोर्ड में महिला सदस्य शामिल होने का पहले से प्रावधान है। उन्होंने कहा कि 5 लाख 72 हजार एकड़ जमीन है 9 लाख एकड़ नहीं। यह आरएसएस की वाट्सअप यूनिवर्सिटी की सूचना है। उन्होंने कहा कि यह बांटो और राज करो का बिल है। वफ्फ के नियम कानून काफी साफ हैं। उन्होंने कहा कि यह संविधान की धारा 26 के भी खिलाफ है। गैर मुस्लिम को शामिल करना गलत है। यह बिल, गुरुद्वारा, चर्च और मंदिर की जमीन पर कब्जा करने का है। सेना की 13 हजार एकड़ जमीन अयोध्या में अदानी को दे दी गई है।
69000 शिक्षक भर्ती में सरकार समाधान निकाले
आप सांसद ने कहा कि 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण के नियमों का उल्लंघन किया गया था। अब दोनों पक्ष आंदोलन कर रहे हैं। सरकार समाधान निकाले। आरक्षण मूल स्वरूप में बिना किसी भेदभाव लागू किया जाना चाहिए और खाली पदों को भरा जाना चाहिए।
कंगना रनौत का बयान आपित्तजनक है
आप सांसद ने कहा कि किसान आंदोलन को लेकर कंगना रनौत का बयान आपित्तजनक है। ये किसानों का अपमान है। 750 किसानों की शहादत का अपमान है। वो किसानों को बलात्कारी और हत्यारा कह रही हैं। भाजपा को माफी मांगनी चाहिए। हरियाणा, पंजाब और जम्मू में भी किसान हैं। हम इस मुद्दे को उठाएंगे। बयान शर्मनाक है। आम आदमी पार्टी की आगामी योजनाओं पर कहा कि यूपी में 13 अक्तूबर को प्रादेशिक सम्मेलन होगा। अगले साल की रणनीति तैयार करेंगे। आठ जोन में प्रशिक्षण शिविर करेंगे। तिरंगा शाखा का विस्तार करेंगे। उन्होंने कहा कि यूपी में सीटों पर होने वाले उपचुनाव में कहीं भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। सीएम योगी के बयान पर कहा कि हमारा मानना है कि जुड़ोगे तो बढ़ोगे। हम अहिंसा को मानने वाले लोग हैं। जनता आगे भी भाजपा को नकारेगी।
