
Jeeva Murder Case
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शूटर विजय यादव के मूवमेंट को ट्रेस करने की जद्दोजहद में लगी टीमों को कोई खास सफलता नहीं मिली है। शनिवार को भी 50 से अधिक कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन किसी में भी विजय नहीं दिखा। हुलिए के आधार पर कुछ संदिग्धों को चिह्नित तो किया, जिनकी गतिविधियों को देख रही है।
आरोपी की फोटो दिखाकर भी लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, शनिवार को कोर्ट बंद होने की वजह से पुलिस आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए अर्जी नहीं दे सकी। अब सोमवार को विवेचक कोर्ट में अर्जी देगा।
शूटर विजय यादव के वारदात को अंजाम देने से पहले के मूवमेंट के बारे में जानकारी जुटाने के लिए तीन-चार टीमें लगाई गई हैं। ताकि पता चल सके कि वह शहर में कहां-कहां गया, कैसे कोर्ट तक पहुंचा। किन लोगों से मुलाकात की। इसके लिए फुटेज बेहद अहम हैं। कैसरबाग, आलमबाग बस अड्डे समेत अलग-अलग रूट पर लगे कैमरों के फुटेज पुलिस खंगाल रही है।
सूत्रों के मुताबिक अब तक किसी भी फुटेज में विजय नहीं देखा गया है। फुटेज कई-कई घंटे के हैं, इसलिए इसमें वक्त लग रहा है। उधर, पुलिस ये भी ब्योरा जुटा रही है कि संजीव से पिछले कुछ समय के भीतर किन-किन लोगों ने जेल में उससे मुलाकात की। मुलाकात करने वालों से भी पूछताछ हो सकती है।
