Dead body of famous YouTuber Malti Chauhan found hanging from fan in Gorakhpur

यूट्यूबर मालती चौहान की मौत
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


संतकबीरनगर जिले में महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर निवासी पूर्वांचल की मशहूर यू-ट्यूबर का शव गुरुवार सुबह कमरे में छत के पंखें से लटका मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव नीचे उतार दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने इस मामले में दामाद पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी है। बताया जा रहा कि तीन महीने से पति-पत्नी का पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस ने पति विष्णु को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, काली जगदीशपुर निवासी यू-ट्यूबर मालती चौहान पत्नी विष्णु चौहान (30) बुधवार की देर रात कमरे में सोने चली गईं। गुरुवार की सुबह सास ज्ञानमती देवी व उनकी बहन जितना देवी ने कमरे के बाहर आवाज दी। जवाब नहीं मिला तो जंगले से झांक कर देखा तो मालती का शव लटका देखा। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव नीचे उतारकर बरामदे में रख दिया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता दीप चंद्र चौहान ने बेटी के पति विष्णु चौहान पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। पुलिस विष्णु को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।

15 दिन पहले विष्णु समेत दो के खिलाफ हो चुकी है शांति भंग की कार्रवाई

यूट्यूबर मालती चौहान ने कुछ दिन पहले पुलिस को एक तहरीर दी थी। उसका आरोप था कि पति विष्णु मारता-पीटता है। बीच-बचाव करने पहुंचे अर्जुन वर्मा से विवाद किया। पुलिस इस मामले में विष्णु चौहान और नाथनगर निवासी अर्जुन वर्मा का शांति भंग में चालान कर दिया था।

एक-दूसरे पर शक को लेकर होता रहता था विवाद

मालती चौहान और पति विष्णु के बीच काफी दिनों से शक को लेकर विवाद चल रहा था। मालती जहां एक लड़की से विष्णु के संबंध होने की शंका में थी। वहीं, विष्णु को मालती से एक युवक से संबंध होने शक रहता था, लेकिन तीन महीने से मामले ने तूल पकड़ लिया था। जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी वायरल हो चुका है। यह मामला तीन बार स्थानीय थाने पर पहुंच चुका है। इतना ही नहीं इस मामले के पटाक्षेप के लिए अन्य यूट्यूबर टीम द्वारा हस्तक्षेप किया गया, लेकिन बात नहीं बन सकी थी। दिन प्रति दिन आरोप प्रत्क्षरोप चलता रहा।

  

अर्जुन वर्मा से मालती चौहान के विवाह की वीडियो हुई थी वायरल

पिछले महीने मालती चौहान द्वारा नाथनगर निवासी अर्जुन वर्मा से विवाह करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें अर्जुन वर्मा मालती चौहान की मांग में सिंदूर लगाते हुए दिखा है। साथ में पति विष्णु भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह अर्जुन के साथ कहीं चली गई थी।

दो दिन पहले मान-मनौव्वल के बाद सुसराल लौटी थी मालती

मृतक मालती चौहान कुछ दिन पहले पति विष्णु से विवाद के चलते मायका उमरी कला चली गई थी। परिजनों की माने तो काफी मान मनौव्वल के बाद मालती वापस सुसराल काली जगदीशपुर लौटी थी।

हत्या-आत्महत्या के बीच फंसा पेंच

यूट्यूबर मालती चौहान की मौत के बाद काफी पेंचीदा हो गया। मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझ गया है। मृतका के पति की मौसी जियना देवी और सास ज्ञानमती ने बताया कि बुधवार की रात दूध की बोतल और दो वर्षीय बेटे युवराज को उन्हें देकर मालती कमरे में सोने चली गई। गुरुवार सुबह जब युवराज मां के पास जाने की जिद्द करके रोने लगा, तब जियना देवी उसे लेकर कमरे में गई। 

दरवाजा बंद देखकर आवाज दी, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद जंगले से झांककर देखा तो मालती को फंदे से लटका देख सन्न रह गई। परिजनों की मानें तो पूरी रात पति विष्णु तिराहे पर स्थित स्टूडियो पर सो रहा था, जबकि मृतका के पिता दीपचंद्र ने दामाद पर उसकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू पर ध्यान केंद्रित करते हुए छानबीन में जुटी है। वहीं गांव वाले मालती की हत्या में कुछ लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है।

विष्णु चौहान के खिलाफ दहेज हत्या का केस

यूट्यूबर मालती चौहान की मौत के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति विष्णु चौहान के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। तहरीर में कोतवाली खलीलाबाद के उमरी कला निवासी दीपचंद्र  ने कहा कि बेटी मालती का विवाह पांच वर्ष पूर्व काली जगदीशपुर निवासी विष्णु पुत्र राम सूरत से हुआ था। विवाह के बाद से उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज में बाइक और दो लाख रुपये की मांग को लेकर हमेशा परेशान करते थे। नहीं देने पर विष्णु ने मालती चौहान की हत्या कर दी है। पुलिस ने दीपचंद्र की तहरीर पर पति विष्णु के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है और उसे हिरासत में ले लिया है।

दूसरी तहरीर में एक महिला और एक युवक के नाम का जिक्र

मालती चौहान के पिता दीपचंद्र की पहली तहरीर पर पुलिस ने पति विष्णु के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा तो दर्ज कर लिया है। इसके बाद मामले में एक नया मोड़ आ गया। सीओ को दूसरी तहरीर देकर दीपचंद्र ने हर किसी को चौंका दिया। दूसरी तहरीर में एक महिला और एक युवक को मालती की हत्या में शामिल होने का जिक्र कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

सीओ धनघटा को दी दूसरी तहरीर में दीपचंद्र ने बताया कि उनका दामाद काफी दबंग और मनबढ़ किस्म का है। एक महिला से दामाद का अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर साजिश करके उसकी बेटी की हत्या दामाद विष्णु, एक महिला व एक अन्य ने मिलकर कर दी है। फिलहाल पुलिस ने दूसरी तहरीर पर केस दर्ज नहीं किया है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *