बरेली जनपद में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने 12वीं तक स्कूलों में अवकाश बढ़ा दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। सोमवार रात जारी आदेश के मुताबिक जिले के यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई सहित सभी शिक्षा बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के बच्चों के लिए 10 जनवरी तक अवकाश रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भले ही विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है, लेकिन जिन शिक्षकों या कर्मचारियों की ड्यूटी बीएलओ कार्य में लगाई गई है, वह नियमानुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे। इसके साथ ही जिन विद्यालयों में निर्वाचन बूथ बनाए गए हैं, उन्हें भी खुला रखने का निर्देश दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी स्कूलों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का हिदायत दी है।
