लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से प्रदेश के इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट संस्थानों के लिए कराई जा रही काउंसिलिंग के स्पेशल राउंड का बुधवार को सीट अलॉटमेंट जारी कर दिया गया। इसके बाद भी प्रमुख राजकीय संस्थानों को छोड़कर बाकी में काफी सीटें खाली रह गईं।
विवि प्रशासन के अनुसार, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के लिए आयोजित स्पेशल राउंड में कुल चॉइस भरने वाले 352 में से 308 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई। बीटेक में 323 व एमबीए-एमसीए में 29 सीटें अलॉट हुईं। इन अभ्यर्थियों को 13 सितंबर तक फिजिकल रिपोर्टिंग करनी होगी। इस चरण के बाद आईईटी लखनऊ, केएनआईटी सुल्तानपुर व बीआईईटी झांसी की सभी सीटें भर गईं।
वहीं, यूपीटीटीआई कानपुर में 195, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज गोंडा में 191, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज प्रतापगढ़ में 191, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बस्ती में 121, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज मैनपुरी में 114, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज आजमगढ़ में 103, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज मिर्जापुर में 101, निट्रा तकनीकी कैंपस गाजियाबाद में 65 और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज कन्नौज में 64 सीटें खाली रह गईं।
कैंपस में बीटेक प्रवेश के लिए लेनी पड़ेगी विशेष अनुमति
एक दिन पहले शासन ने एकेटीयू को कैंपस में बीटेक की 180 सीटों पर प्रवेश लेने की हरी झंडी दी है। अब विवि प्रशासन को इस सत्र में अपने यहां पठन-पाठन शुरू करने के लिए ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) से विशेष अनुमति लेनी पड़ सकती है।
