
कतार में लगे परीक्षार्थी।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
आज सिपाही भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने के कारण अभ्यर्थियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उनकी रात मुश्किल से कटी। हालांकि, सुबह होते ही वह परीक्षा केंद्र के सामने कतारों में लग गए। प्रशासन पहले दिन की तरह ही मुस्तैद नजर आ रहा है। सेंटर में प्रवेश के पहले अभ्यर्थियों की सख्त तलाशी ली जा रही है।
शुक्रवार को शुरू हुई भर्ती परीक्षा के पहले दिन करीब 32 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के दौरान गोरखपुर, महराजगंज, रायबरेली और आगरा से पांच अभ्यर्थियों को अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके अलावा 61 अभ्यर्थियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाने के बाद भी उन्हें परीक्षा देने की छूट तो दी गई, लेकिन बोर्ड आगे इनकी स्क्रूटनी करेगा।
ये भी पढ़ें – सिपाही भर्ती: परीक्षार्थियों को लखनऊ में 29 स्थानों पर रुकने के लिए किए गए इंतजाम, देखें पूरी डिटेल
ये भी पढ़ें – यूपी सिपाही भर्ती: पहले दिन 32 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले पांच गिरफ्तार
सुरक्षा के कड़े इंतजामों की वजह से उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजी राजीव कृष्णा ने बताया कि पहले दिन परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। शुक्रवार को दो पालियों में करीब 9.60 लाख अभ्यर्थियों को शामिल होना था। केवल 6,48,435 अभ्यर्थी ही परीक्षा केंद्रों में पहुंचे। पहली पाली में 32, दूसरी पाली में 29 अभ्यर्थी संदिग्ध मिलने पर उनके बाकी दस्तावेजों का आधार कार्ड से मिलान करने के बाद परीक्षा देने की छूट दी गई। उनके दस्तावेजों की स्क्रूटनी बाद में की जाएगी।
सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त के चलते पहले दिन कोई मुश्किल सामने नहीं आई। सभी परीक्षा केंद्रों पर बॉयोमीट्रिक वैरीफिकेशन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश करने दिया गया। ब्लूटूथ आदि इलेक्ट्रानिक डिवाइस की मदद से नकल की रोकथाम के लिए जैमर लगाए गए थे।
