संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। सिंचाई विभाग में कार्यरत वरिष्ठ सहायक केन बेतवा लिंक परियोजना के दस्तावेज लेकर फरार हो गया था। अधिकारियों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने नोटिस जारी कर एफआईआर की चेतावनी जारी कर दी। कर्मी कार्यालय आया और कागज देकर फिर लापता हो गया। अब उसका वेतन रोका गया है।
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर लगातार नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। बीते दिनों अधिशासी अभियंता प्रखंड बेतवा नहर कार्यालय में तैनात सीपरी बाजार निवासी वरिष्ठ सहायक नरसिंह कुमार विभाग के अधिकारियों को बताए बिना केन-बेतवा लिंक परियोजना से संबंधित चार्ज की पत्रावलियां लेकर लापता हो गया।
विभागीय अधिकारियों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने 3 सितंबर को वरिष्ठ सहायक के नाम पत्र जारी कर चेतावनी जारी कर पत्रावलियां तत्काल विभाग को सौंपने के निर्देश जारी कर दिए। इसके साथ ही दस्तावेज वापस न करने पर एफआईआर कराने की भी चेतावनी भी दे दी। इसके कई दिन बाद कर्मी ने दस्तावेज लौटाए, लेकिन फिर कार्यालय नहीं आया। अब मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए अधिशाषी अभियंता ने उसका वेतन रोक दिया है।
वर्जन
वरिष्ठ सहायक केन-बेजवा लिंक परियोजना की पत्रावलियां लेकर चला गया था। उसने किसी को भी इसकी सूचना नहीं दी थी। चेतावनी जारी करने पर दस्तावेज लौटा दिए गए हैं, लेकिन वह कार्यालय से नदारत है। इसी के चलते विभागीय कार्रवाई में सहायक का वेतन रोका गया है। – उमेश कुमार, अधिशाषी अभियंता प्रखंड बेतवा नहर