लखनऊ। गुडंबा निवासी युवती ने गेस्ट हाउस संचालक सीतापुर निवासी मंगेतर प्रखर वर्मा के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, लाखों रुपये हड़पने, दहेज की मांग करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। यही नहीं, प्रखर व उसके परिजनों पर मांग पूरी न होने पर सगाई तोड़ने का भी आरोप है। गुडंबा पुलिस ने प्रखर व उसके घरवालों के खिलाफ रिपार्ट दर्ज कर ली है।
युवती के अनुसार, वर्ष 2021 में उनकी दोस्ती सीतापुर के इटिया निवासी प्रखर वर्मा से हुई थी। प्रखर लखनऊ में गेस्ट हाउस का संचालन करता है। शादी का वादा कर आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाए और अलग-अलग तारीखों में एनईएफटी, आरटीजीएस, यूपीआई व नकद के माध्यम से उनसे और उनकी मां से कुल लगभग 12.56 लाख रुपये ले लिए। परिवार की सहमति से दोनों की सगाई एक अक्तूबर 2025 में हुई और शादी की तारीख 11 फरवरी 2026 तय की गई थी। आरोप है कि सगाई के बाद प्रखर, उसके पिता प्यारे लाल वर्मा, बहन उत्कर्षा वर्मा और बहनोई रोहित कश्यप ने दहेज में चौपहिया गाड़ी, सोने के आभूषण और 10 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। उनके घरवालों ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई। मांग पूरी न होने पर शादी से इन्कार कर दिया गया।
आरोप है कि आरोपियों ने उनकी पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़िता ने आरोपी पर सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।