शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत खजुआहार टापर के मंझरा हथिनापुर निवासी 26 वर्षीय युवक करन की सांड़ ने जान ले ली। करन रविवार सुबह खेत में वरसीम (पशुओं का चारा) खा रहे सांड़ को भगाने गया था। तभी हमलावर हुए सांड़ ने उसे खेत में ही पटक दिया। सांड़ ने उस पर कई बार हमला किया। करन की चीखने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और सांड़ को भगाया।
सांड़ के हमले से लहूलुहान हुए करन को परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मृतक के पिता राजेश सिंह ने बताया कि घर के सामने वाले खेत मे जानवरों के लिए वरसीम बोई थी। रविवार सुबह करीब छह बजे बड़ा बेटा करन घर से बाहर निकला तो देखा कि खेत में एक सांड़ वरसीम खा रहा था।
सांड़ ने सींग से उठाकर पटका
करन घर से डंडा लेकर सांड़ को भगाने खेत पर पहुंचा। सांड़ भागने के बजाय उस पर हमलावर हो गया और करन को सींग से उठाकर पटकने के बाद इस पर कई हमले कर दिए, जिससे करन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल करन को राजकीय मेडिकल कॉलेज लाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया मृतक के पिता की सूचना पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।
