अमांपुर। पूरनपुर गांव के निकट अमांपुर मार्ग स्थित शिव मंदिर और धर्मशाला को दबंगों ने रविवार को जेसीबी से तोड़ दिया। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने जब इसका विरोध किया तो उन्हें कार से कुचलने का प्रयास किया। इस पर आक्रोशित ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस व पीएसी के जवान भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों ने तहरीर दी है।
रविवार की दोपहर में अमांपुर मार्ग स्थित मां गायत्री कोल्ड स्टोरेज के पास स्थित शिव मंदिर व धर्मशाला स्थापित है। ग्रामीणों का आरोप है कि मानवेंद्र व उसके चार अन्य साथी जेसीबी से मंदिर व मंदिर की धर्मशाला को तुड़वा रहे थे। जब ग्रामीण अनिल कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, भानुप्रताप सिंह, खूब सिंह आदि ने यह देखा तो उन्होंने इसका विरोध किया।
इस पर मानवेंद्र ने अपनी कार से ग्रामीणों को कुचलने का प्रयास किया। इस पर ग्रामीणों ने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई। जब ग्रामीणों ने शोर मचाया तो गांव अल्लीपुर व पूरनपुर के ग्रामीण काफी संख्या में मंदिर पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों को देखकर आरोपी मानवेंद्र अपनी कार वहीं छोड़कर भाग गया।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की संख्या को देखते हुए पीएसी भी बुलवाई गई। पुलिस ने शिकायत पर जेसीबी को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों ने इस मामले में पुलिस को मानवेंद्र के खिलाफ तहरीर दी है।
मंदिर तोड़े जाने की ग्रामीणों ने जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस को मौके पर भेजा गया। ग्रामीणों की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। – राजेश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक
