तुलसीपुर। सोनवा थाना क्षेत्र के इटरौली गांव निवासी गुड़िया सिंह ने बैंक से 26 लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सोमवार को एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
गुड़िया सिंह के अनुसार, जून 2025 में उनकी मुलाकात बहराइच जिले के दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के तुरहनी रज्जब निवासी समीम से हुई थी। बेटे की शादी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए उन्होंने उससे बैंक से 26 लाख रुपये का लोन दिलाने की बात कही। आरोप है कि समीम ने लोन की फाइल और अन्य खर्चों के नाम पर पहले 2500 रुपये लिए। इसके बाद कभी पांच हजार, कभी 10 हजार तो कभी तीन हजार रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से वसूलता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि फरवरी 2026 में बेटे की शादी होने के बावजूद आरोपी ने न तो लोन दिलाया और न ही रकम वापस की। ठगी की आशंका पर उन्होंने चंदरखा बुजुर्ग पुलिस चौकी और सोनवा थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
