सिद्धार्थनगर में गोलगप्पे खाकर 100 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए।
सिद्धार्थनगर में उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत के बाद 100 से अधिक लोग अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, धनतेरस पर गोलगप्पे खाने से इनकी तबीयत बिगड़ गई।
.
हालत खराब होने पर बीमार लोगों को बस और निजी साधनों से अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल, सभी की हालत स्थिर है। एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही।
मामला जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर कनलाखोर और पेड़ारी बुजुर्ग गांव का है। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में करीब 31 लोग भर्ती कराए गए हैं, जबकि 70 से अधिक लोग स्थानीय अस्प्तालों और डॉक्टर्स से इलाज करा रहे।
उधर, इतनी बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार पड़ने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों गांवों में मेडिकल टीम पहुंची हैं।
3 तस्वीरें देखिए…

बीमार लोगों को बस में भरकर जिला अस्पताल ले आया जा रहा है।

सुबह से ही दोनों गांवों के लोग हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं।

अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लोगों की भीड़ लगी है।
पूरा मामला पढ़िए…
खेसरहा विकासखंड के कनलाखोर और पेड़ारी बुजुर्ग गांव में गोलगप्पे खाने के बाद करीब 100 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कनलाखोर के सुखई (40) ने बताया, गांव का ही संदीप ठेले पर गोलगप्पे बेच रहा था। वह मुंबई में रहता था और चार-पांच दिन पहले ही गांव आया था। उसने पहली बार गांव में फुल्की का ठेला लगाया था। मैंने भी गोलगप्पे खाए थे। इसके बाद मेरी तबीयत बिगड़ गई और उल्टी-दस्त होने लगे।
शुरुआत में लोगों ने मेडिकल स्टोर से दवाएं लेकर इलाज कराया, लेकिन लगातार बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने पर रविवार को उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाने लगा। दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों को बस में भरकर अस्पताल लाया गया।
जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में 31 लोगों को भर्ती कराया गया है। 70 से अधिक लोग निजी अस्पतालों में भी इलाज करा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और बीमार लोगों की निगरानी शुरू की।

जिला अस्पताल में भर्ती शर्मिला ने बताया कि उन्होंने शाम को गोलगप्पे खा लिए थे, जिसके बाद उन्हें उल्टी, दस्त और पेट दर्द होने लगा।
‘गोलगप्पा खाकर बीमार हुए बच्चे’
गांव के रविकांत ने बताया कि धनतेरस के दिन गांव में गोलगप्पे वाला आया था। बड़ी संख्या में बच्चों ने गोलगप्पे खाए थे। रात से ही कुछ बच्चों की तबीयत खराब होने लगी, जबकि कुछ दिन में बीमार पड़े। मेरे भी तीन बच्चे हैं। दो बेटियों और एक बेटे की तबीयत खराब है। मेडिकल स्टोर से दवा लेकर आया था, लेकिन आराम नहीं मिल रहा है। अब उन्हें जिला अस्पताल ले जाना पड़ेगा।
10 बच्चे जिला अस्पताल में भर्ती
जिला अस्पताल में भर्ती बच्चों में दिव्या (5), दीक्षा (8), सिद्धी (5), कार्तिक (2), बबीता (19), सरिता (18), अनीता (20), मीना (19), प्रिया (17) और शर्मीली (25) शामिल हैं।
17 मरीजों का मेडिकल कॉलेज में इलाज
मेडिकल कॉलेज में 17 लोगों को भर्ती कराया गया है। इनमें दो साल के बच्चों से लेकर 60 साल तक के बुजुर्ग शामिल हैं। भर्ती मरीजों में अनिता (16), निशा (18), महेश (20), राधिका (35), कमलेश्वरी (60), सर्मीला (25), दिव्या (5), प्रिया (17), मीना (19), बबिता (19), सरिता (18), अनिता (21), दीक्षी (8), सिद्धी (5), सत्यम (9), काब्यांश (2) और कार्तीक (2) शामिल हैं।
पेड़ारी बुजुर्ग के 20 लोग भी बीमार
पेड़ारी बुजुर्ग गांव के 20 लोगों की तबीयत भी गोलगप्पे खाने के बाद बिगड़ गई। इनमें सुनीता (45), मुकेश (16), रुपेश (14), खुशबू (18), पुष्पा (20), मनीषा (22), विद्यावती (45), निशा (15), आशा (20), महिमा (14), अनिकेत (8), ममता (15), मंजू (35), उर्मिला (35), सत्यम (8), राजन (12), काव्य (3), साजन (11), ज्ञानमती (5) और रामरती (7) शामिल हैं।

पेड़ारी बुजुर्ग की सुनीता ने कहा- मेरे घर के 6 लोगों ने गोलगप्पे खाए थे। सभी बीमार है।
एक युवक की हालत गंभीर
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएन उपाध्याय ने बताया कि भर्ती मरीजों में महेश (22) की हालत ज्यादा गंभीर है। उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। हालांकि, बाकी सभी भर्ती मरीज खतरे से बाहर हैं।
आशंका है कि गोलगप्पे के पानी में खराबी के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ी है। अधिकांश मरीजों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत है।
सीएमओ बोले- गंदे पानी से पानीपुरी खिलाई
सीएमओ डॉ. संजय दोहरे ने बताया कि खेसरहा क्षेत्र के कनलाखोर और पेड़ारी बुजुर्ग गांव में फूड पॉइजनिंग की घटना सामने आई है। गोलगप्पे बेचने वाले व्यक्ति ने दूषित पानी, अजीनोमोटो और रात के बचे हुए आलू का इस्तेमाल कर लोगों को पानीपुरी खिलाई थी। इसकी वजह से लोगों को संक्रमण हुआ और उन्हें उल्टी-दस्त, सिर चकराने और बुखार जैसी शिकायतें होने लगीं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगाकर प्रभावित लोगों का इलाज शुरू करा दिया गया है। जिन लोगों की हालत गंभीर थी। उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
प्रभारी निरीक्षक खेसरहा रामकृष्ण मिश्रा ने बताया-

मामले में अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आरोपी गोलगप्पे वाले संदीप पुत्र त्रिलोकी से पूछताछ की जा रही है।

————————————
ये खबर भी पढ़ें…
कानपुर में लड़कियों की THAR ने स्कूटी सवार को रौंदा,घर के गार्डन में घुसी; दूसरी लड़की गाड़ी से कूदकर भागी

कानपुर में तेज रफ्तार THAR ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
THAR एक लड़की चला रही थी, जबकि एक लड़की और लड़का भी गाड़ी में बैठे थे। हादसे के बाद THAR सवार सभी लोग गाड़ी छोड़कर भाग गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि THAR की रफ्तार तेज थी। ड्राइवर ने स्कूटी सवार को संभलने का मौका नहीं दिया। टक्कर के बाद गाड़ी एक मकान के बाहरी गार्डन में घुस गई। इससे उसकी बाउंड्री टूट गई। पढ़ें पूरी खबर…
