अखंड सौभाग्य का पर्व करवा चौथ शुक्रवार को श्रद्धा एवं परंपरा के साथ मनाया जा रहा है। पर्व पर सिद्धि योग और कृतिका व रोहिणी नक्षत्र रहेगा। सुहागिन महिलाएं सूर्योदय से लेकर चंद्रोदय तक निर्जल व्रत रख सोलह शृंगार कर देर शाम चंद्रमा के दर्शन कर पूजा करेंगी। इसके बाद, अपने पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का परायण करेंगी।
चंद्रमा का उदय रात्रि 8:37 बजे
आचार्य सुबोध शास्त्री के अनुसार, शुक्रवार को करवा चौथ पर्व पर चंद्रमा का उदय रात्रि 8:37 बजे होगा। सिद्धि योग रहेगा। कृतिका नक्षत्र शाम 5:31 बजे तक, इसके बाद रोहिणी नक्षत्र रहेगा। इधर, पर्व को लेकर बाजारों में रौनक रही। महिलाओं ने पूजन सामग्री खरीदी। वहीं, ज्वेलरी, ब्यूटी पार्लरों एवं कॉस्मेटिक की दुकानों पर काफी भीड़ नजर आई। हाथों में मेहंदी लगाने वाली महिलाओं की भी भीड़ रही।