
घटना की सीसीटीवी फुटेज।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
सीतापुर जिले के हरगांव थाना क्षेत्र से पुलिस टीम ने सोमवार को एक साइकिल चोर को गिरफ्तार किया है। चोर ने एक लाइब्रेरी के सामने से साइकिल चुराई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले। इसके बार चोर पकड़ में आया। पुलिस चोर से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक अब तक चोर ढाई सौ साइकिलें चुरा चुका है।
थाना क्षेत्र के कल्यानपुर टिल्ला गांव निवासी अजीत सिंह यादव ने बताया कि वह सोमवार को जहांगीराबाद कस्बा क्षेत्र के दिव्य डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ने गया था। इस दौरान लाइब्रेरी के बाहर साइकिल खड़ी कर अंदर चला गया। वापस लौटा तो साइकिल गायब मिली। इसकी सूचना अजीत ने डायल 112 पर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें एक व्यक्ति साइकिल ले जाते दिखा। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस टीम के साथ चोर की तलाश की। अजीत को एक व्यक्ति जहांगीराबाद पुलिया के पास साइकिल ले जाते दिखा। पुलिस टीम ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने साइकिल चोरी की बात कबूली।
आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र के भदेवा गांव निवासी इंद्रपाल के रूप में हुई। थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि आरोपी पर एक दर्जन चोरी के मुकदमे हैं। वह नशेड़ी प्रवृत्ति का है। वहीं, उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। क्षेत्र की ढाई सौ साइकिलें वह चोरी कर चुका है।
