– बीकेडी, इलाइट से लेकर चित्रा चौराहे तक नगर निगम की टीम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अवैध होर्डिंग पर मंगलवार को नगर निगम की टीम टूट पड़ी। बीकेडी, इलाइट से लेकर चित्रा चौराहा तक बल्लियों पर लगी 50 से अधिक होर्डिंग हटवाई गईं। बुधवार को भी अवैध होर्डिंग हटवाने का अभियान चलेगा।
महानगर के चौराहों से लेकर प्रमुख मार्ग तक अवैध होर्डिंग से पट गए हैं। बल्लियों पर लगी कई होर्डिंग के छोर सड़क तक निकले हुए हैं। इससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में इसी समस्या को प्रचार की प्रचंड प्यास, अवैध होर्डिंग की बाढ़ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया और बल्लियों पर लगी अवैध होर्डिंग हटाने की कार्रवाई शुरू की।
अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता ने बताया कि बीकेडी, इलाइट चौराहा, चित्रा चौराहा, खंडेराव गेट समेत कई मार्गों से 50 से ज्यादा बल्लियों पर लगी होर्डिंग हटवाई हैं। अवैध होर्डिंग लगाने वालों को चिह्नित भी किया जा रहा है। इनके खिलाफ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
डिवाइडर पर अभी भी लगे अवैध पैनल
नगर निगम ने पहले दिन कार्रवाई तो की, मगर अभी भी कई अवैध विज्ञापन पट महानगर में लगे हुए हैं। बीकेडी से खंडेराव गेट जाने वाले मार्ग पर ही डिवाइडर पर अवैध पैनल लगे हैं। कुछ पैनल आड़े-तिरछे हो गए हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा बस स्टैंड, मंडी रोड और मेडिकल कॉलेज के आसपास बल्लियों पर होर्डिंग लगी हैं।
