
मालगाड़ी में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी
जगदीशपुर (अमेठी)। निहालगढ़ रेलवे स्टेशन से गुजर रही कोयला लदी मालगाड़ी के वैगन से धुआं निकलते देखकर अफरा-तफरी मच गई। स्टेशन मास्टर ने मालगाड़ी को रोककर सूचना फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कोयले में लगी आग बुझाई जा सकी। आग लगने का कारण जिम्मेदार गर्मी के कारण कोयले के बीच घर्षण बता रहे हैं।
लखनऊ-सुुल्तानपुर-वाराणसी रेल ट्रैक पर बृहस्पतिवार की सुबह झारखंड से पंजाब के लिए कोयला लेकर जा रही मालगाड़ी के वैगन में धुआं निकलता दिखाई पड़ा। स्टेशन मास्टर विनोद कुमार ने कंट्रोल रूम के साथ मामले की जानकारी निहालगढ़ स्टेशन अधीक्षक को दी। कंट्रोल के निर्देश पर मालगाड़ी को निहालगढ़ स्टेशन पर रोका गया।
स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जिम्मेदारों को कहना था कि आग नहीं लगी थी, सिर्फ गर्मी के कारण कोयले के बीच घर्षण के कारण धुआं उठ रहा था। हालांकि सुरक्षा व संरक्षा के नियमों के तहत कोयले में पानी की बौछार कराने के बाद धुआं समाप्त होने के बाद ही ट्रेन को गुजारा गया। इस दौरान करीब तीन घंटा मालगाड़ी निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर खड़ी रहीं।
कोयले के घर्षण से उठ रहा था धुआं
स्टेशन अधीक्षक निहालगढ़ लखन लाल मीना ने बताया कि अढ़नपुर स्टेशन से सूचना मिली थी कि मालगाड़ी के पीछे से 16 डिब्बे से धुआं उठता दिखाई दे रहा है। फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया। किसी प्रकार की कोई क्षति नहीं हुई। सुबह 7.34 पर आई मालगाड़ी को 10.20 बजे गंतव्य को रवाना किया गया।
